हरियाणा के गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के लिए नया आदेश जारी किया गया है। गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थानों और पार्कों को ‘नो स्मोकिंग जोन’ घोषित कर दिया है। अब इन जगहों पर सिगरेट, बीड़ी, सिगार और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। नगर निगम का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
बाजार से लेकर पार्क और बस स्टैंड तक लागू होंगे नियम
नगर निगम के आदेश के मुताबिक, गुरुग्राम के बाजारों, बस स्टॉप, बस स्टैंड, सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं, पार्कों, ग्रीन बेल्ट और खेल के मैदानों में धूम्रपान पर रोक रहेगी। इसके अलावा ओपन जिम, पार्कों में बने शेड, गजीबो और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भी नो स्मोकिंग जोन के दायरे में शामिल किया गया है।
नगर निगम के कार्यालयों, सामुदायिक केंद्रों, पुस्तकालयों, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक शौचालय परिसरों में भी धूम्रपान की अनुमति नहीं होगी।
नियम तोड़ने पर 200 रुपये तक जुर्माना
नगर निगम के आदेश के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते पकड़े जाने पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 की धारा 21 के तहत 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यह कदम सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू के इस्तेमाल को नियंत्रित करने और लोगों को इसके धुएं से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सिगरेट-बीड़ी के टुकड़े फेंकने और थूकने पर भी कार्रवाई
नए आदेश में सिर्फ धूम्रपान ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट और बीड़ी के टुकड़े फेंकने तथा तंबाकू का सेवन करने के बाद थूकने पर भी रोक लगाई गई है। ऐसा करने वालों के खिलाफ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 और नगर निगम के उपनियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।
15 दिनों में लगाए जाएंगे नो स्मोकिंग जोन के बोर्ड
नगर निगम आयुक्त पंकज ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ‘नो स्मोकिंग जोन’ के बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। नियमों को लागू कराने की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्तों, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वच्छता एवं बागवानी विभाग के अधिकारियों को सौंपी गई है।
नगर निगम का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को धूम्रपान के धुएं से बचाना और शहर के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखना है।








