Explore

Search

November 24, 2026 1:12 pm

कभी चैप्टर पर विवाद तो अब छपाई पर बवाल, NCERT ने प्रिंटर्स को दी ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

NCERT की किताबें एक बार फिर विवादों में आ गई हैं। पहले किताबों के चैप्टर और उनमें शामिल विषयों को लेकर विवाद सामने आए थे, लेकिन अब किताबों की खराब छपाई ने नई बहस छेड़ दी है। देशभर से मिल रही शिकायतों के बाद राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने प्रिंटिंग प्रेसों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने अपने साथ जुड़े सभी प्रिंटर्स को चेतावनी दी है कि अगर किताबों की छपाई में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता पाया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना लगाने से लेकर ठेका रद्द करने और ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई शामिल है।

धुंधले अक्षरों और खराब प्रिंटिंग की शिकायतें

दरअसल, पिछले कुछ समय से NCERT की किताबों की प्रिंटिंग क्वालिटी को लेकर अभिभावक और छात्र सोशल मीडिया पर शिकायतें कर रहे थे। कई किताबों में अक्षर छोटे और धुंधले होने के साथ-साथ प्रिंटिंग की दूसरी खामियां भी सामने आईं। शिकायतों में कहा गया कि कुछ पन्नों पर टेक्स्ट ठीक से पढ़ाई नहीं देता, जिससे बच्चों को पढ़ने में परेशानी होती है।

यह मामला तब ज्यादा चर्चा में आया जब सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने अपने बेटे की कक्षा 10वीं की इतिहास की किताब की खराब छपाई को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए। उन्होंने किताब के पन्नों की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि अक्षर बेहद छोटे और धुंधले हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्रालय और NCERT से प्रिंटिंग की गुणवत्ता की जांच करने की मांग की।

NCERT ने प्रिंटर्स को जारी की सख्त एडवाइजरी

लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए NCERT के पब्लिकेशन डिवीजन ने 23 नवंबर को सभी संबद्ध प्रिंटिंग प्रेसों के लिए एडवाइजरी जारी की। इसमें स्पष्ट कहा गया कि किताबों की छपाई और उत्पादन के हर चरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना होगा।

NCERT ने प्रिंटर्स को निर्देश दिया है कि वे तय तकनीकी मानकों और उत्पादन संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। किताबों की प्रिंटिंग, रंगों की गुणवत्ता, अक्षरों की स्पष्टता, फिनिशिंग और बाइंडिंग में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा छपाई के हर चरण में जांच और गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

लापरवाही पर जुर्माना और ब्लैकलिस्टिंग तक की कार्रवाई

NCERT ने साफ कर दिया है कि निर्धारित मानकों से हटकर काम करने या खराब गुणवत्ता वाली किताबें सप्लाई करने वाले प्रिंटर्स के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर किताबों की सप्लाई खारिज की जा सकती है। इसके अलावा जुर्माना, आवंटित काम रद्द करने, कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने और प्रिंटिंग प्रेस की मान्यता वापस लेने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।

गंभीर मामलों में संबंधित प्रिंटिंग प्रेस को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है। NCERT ने सभी प्रिंटर्स से कहा है कि वे इस एडवाइजरी को गंभीरता से लें और किताबों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करें।

शिकायत के बाद एक प्रिंटर पर पहले ही लगा जुर्माना

NCERT ने केवल चेतावनी ही नहीं दी, बल्कि कक्षा 10वीं की इतिहास की किताब की खराब छपाई के मामले में संबंधित प्रिंटर पर जुर्माना भी लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह किताब ग्रेटर नोएडा स्थित श्रीजी एंटरप्राइजेज ने छापी थी। इसी मामले के बाद सभी संबद्ध प्रिंटिंग प्रेसों को गुणवत्ता संबंधी निर्देश जारी किए गए।

NCERT का कहना है कि उसका उद्देश्य छात्रों को साफ, पढ़ने योग्य और बेहतर गुणवत्ता वाली किताबें उपलब्ध कराना है। अब देखना होगा कि नए निर्देशों के बाद किताबों की छपाई में कितना सुधार होता है और प्रिंटिंग प्रेस इन मानकों का कितना पालन करते हैं।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर