श्रेया गुहा की अध्यक्षता में आरएफसी की एजीएम आयोजित
जयपुर। राजस्थान वित्त निगम (RFC) की 71वीं वार्षिक साधारण सभा जयपुर में आयोजित की गई। बैठक में निगम की अध्यक्ष श्रेया गुहा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्य निष्पादन का विवरण प्रस्तुत किया तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना से अवगत कराया।
बैठक में प्रबंध निदेशक डॉ हर सहाय मीणा, राजस्थान सरकार के प्रतिनिधि प्रतिनिधि संयुक्त शासन सचिव ( वित्त) प्रताप सिंह,दिनेश कुमार-जीएम सिडबी,गुंजन कुमार सनोज-एजीएम सिडबी,धर्मेंद्र कुमार-डीजीएम पीएनबी सहित निदेशक मंडल के अन्य सदस्य, शेयरधारक एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अध्यक्ष श्रेया गुहा ने बताया कि मानव संसाधन एवं अन्य संसाधनों की सीमाओं के बावजूद निगम ने उत्कृष्ट व्यावसायिक प्रदर्शन किया। निगम ने अपने सभी प्रमुख लक्ष्यों को पार करते हुए 215 करोड़ के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले 218.09 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए। 150 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध 152.03 करोड़ का ऋण वितरण तथा 170 करोड़ के लक्ष्य की तुलना में 172.92 करोड़ की ऋण वसूली की गई, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक रही।
बेहतर वित्तीय प्रबंधन के परिणामस्वरूप निगम ने 19.26 करोड़ का लाभ अर्जित किया, जबकि पिछले वर्ष यह लाभ 18.20 करोड़ था।

निगम ने परिसंपत्तियों की गुणवत्ता में सुधार एवं एनपीए वसूली के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति करते हुए कुल 23.27 करोड़ की एनपीए वसूली की। इसमें एकमुश्त समझौता (OTS) योजना के माध्यम से 3.44 करोड़ की वसूली शामिल है। इस अभियान के अंतर्गत लंबे समय से लंबित 23 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
युवा उद्यमिता प्रोत्साहन योजना (YUPY) के अंतर्गत भी निगम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। योजना के तहत 90 इकाइयों को 129.89 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना से अधिक हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना के अंतर्गत 150 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निगम ने राजस्थान सरकार एवं रीको लि. के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने राज्य बजट में की गई घोषणा के अनुरूप निगम को 100 करोड़ की प्रस्तावित पूंजी सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह सहायता निगम की वित्तीय एवं ऋण वितरण क्षमता को और सुदृढ़ करेगी। इससे निगम अधिक प्रतिस्पर्धी ऋण योजनाएं संचालित कर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) तक अपनी पहुंच का विस्तार कर सकेगा।
प्रबन्ध निदेशक डॉ हरसहाय मीना आईएएस ने बताया कि निगम प्रदेश में औद्योगिक विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान वित्त निगम प्रदेश के औद्योगिक विकास,उद्यमिता को प्रोत्साहन एवम रोजगार सृजन में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी और अधिक प्रभावी ढंग से निभाता रहेगा ।








