भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने जा रही है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच आज 23 नवंबर से सीधी रेल सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस ट्रेन का नाम सरयू-कमला एक्सप्रेस रखा गया है। इसके शुरू होने से दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह इस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे।
604 किलोमीटर का सफर 19 घंटे में होगा पूरा
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सफर में लगभग 19 घंटे लगेंगे। खास बात यह है कि यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी।
रेलवे के मुताबिक, नियमित यात्री सेवा 28 नवंबर से शुरू होगी। अयोध्या कैंट से ट्रेन प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से वापसी ट्रेन शनिवार को चलेगी।
यूपी-बिहार के इन 10 स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस ट्रेन के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। ट्रेन रास्ते में 10 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी।
राम बारात के चार दिन के सफर की याद दिलाएगा रेल संपर्क
अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध रामायण की परंपराओं से जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम की बारात अयोध्या से जनकपुर पहुंची थी। इस यात्रा को चार दिनों से जोड़कर याद किया जाता है। अब दोनों शहरों के बीच करीब 19 घंटे में रेल यात्रा पूरी हो सकेगी।
नई रेल सेवा से श्रद्धालुओं को राम मंदिर और जानकी मंदिर के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भारत और नेपाल के बीच पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।








