Explore

Search

November 14, 2026 9:29 pm

लेटेस्ट न्यूज़

जयपुर के तीज-त्योहार : बारह महीनों उत्सवों की उमंग, परंपराओं की रंगत और आस्था का अनूठा संसार

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

गणगौर की शाही सवारी से तीज के उल्लास तक, जन्माष्टमी की भक्ति से दीपावली की जगमगाहट तक… जयपुर का हर महीना अपने साथ लेकर आता है कोई खास उत्सव, कोई अनूठी परंपरा और लोकजीवन से जुड़ी एक जीवंत कहानी

 

जयपुर की पहचान उसके गुलाबी भवनों, भव्य महलों, चौड़ी सड़कों और सुनियोजित नगर संरचना तक सीमित नहीं है। इस शहर की आत्मा यहां के लोकजीवन, धार्मिक आस्था और उत्सवधर्मी संस्कृति में भी बसती है। वर्ष के बारहों महीने यहां कोई न कोई पर्व, मेला या मांगलिक आयोजन जनजीवन में नई उमंग भरता रहता है। मौसम बदलते हैं, ऋतुएं करवट लेती हैं, लेकिन गुलाबी नगरी की उत्सवधर्मिता का रंग कभी फीका नहीं पड़ता।

भारतीय संस्कृति में त्योहार धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेल-मिलाप, लोककला, खान-पान और पारिवारिक परंपराओं के वाहक रहे हैं। जयपुर में इनका स्वरूप और भी विशिष्ट है। यहां शास्त्रीय मान्यताओं से जुड़े पर्वों के साथ लोकाचार और जनश्रुतियों पर आधारित उत्सव भी पीढ़ियों से मनाए जाते रहे हैं। ब्रजभूमि के निकट होने के कारण यहां वैष्णव परंपरा और श्रीकृष्ण भक्ति का विशेष प्रभाव दिखाई देता है। आइए, चैत्र से फाल्गुन तक फैले जयपुर के उत्सवमय संसार की सैर करें।

 

चैत्र : गणगौर की शाही सवारी और रामनवमी का उल्लास

 

चैत्र मास नववर्ष, नवरात्र और गणगौर के साथ जयपुर के उत्सवों का मंगलमय आगाज करता है। यहां गणगौर महिलाओं का सबसे लोकप्रिय और विशिष्ट लोकपर्व है। कुंवारी कन्याएं सुयोग्य वर और विवाहित महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना से माता गौरी की पूजा करती हैं। सोलह दिनों तक चलने वाली इस परंपरा में मेहंदी, लहरिये, चूड़ियां, लोकगीत और घेवर की मिठास उत्सव को खास बना देती है। गणगौर की शाही सवारी में राजसी लवाजमे, पारंपरिक वेशभूषा और लोकवाद्यों का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। यह आयोजन जयपुर की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाता है। इसी महीने रामनवमी पर मंदिरों में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाता है। शोभायात्राओं और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।

वैशाख-ज्येष्ठ : बदरीनारायण दर्शन और गंगा दशहरे की आस्था

 

वैशाख मास की अक्षय तृतीया पर आमेर मार्ग स्थित बदरीनारायण की डूंगरी पर विशेष मेला भरता है। सुबह से ही श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हिमालय स्थित बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर जयपुर में भी बदरीनारायण दर्शन की यह परंपरा सामूहिक आस्था का अनूठा उदाहरण है।

ज्येष्ठ मास में गंगा दशहरे पर गंगा-गोपाल मंदिर सहित शहर के विभिन्न गंगा मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होती है। पूर्व महाराजा सवाई माधोसिंह द्वितीय की गंगा और गोपालजी के प्रति गहरी श्रद्धा से जुड़ी यह परंपरा मरुस्थलीय राजस्थान में मां गंगा के प्रति लोगों की अगाध आस्था को दर्शाती है।

 

आषाढ़ : रथयात्रा और पवन विज्ञान से जुड़ी धारणा

 

आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलती है। जयपुर में इस दिन धार्मिक आयोजनों के साथ भूमि-वपन की राजकीय परंपरा भी रही है। पुराने समय में महाराजा सोने-चांदी के हल से प्रतीकात्मक रूप से भूमि जोतकर मोती बोते थे। इसे कृषि कार्यों के शुभारंभ का मंगल संकेत माना जाता था। श्री सीतारामजी और श्री जगदीशजी की यात्राओं की परंपरा आज भी इस दिन को विशेष बनाती है। गुरु पूर्णिमा पर जंतर-मंतर में पवन धारणा का मेला जयपुर की वैज्ञानिक विरासत का परिचायक रहा है। परंपरा के अनुसार सम्राट यंत्र पर ध्वजारोहण कर ज्योतिषाचार्य पवन की दिशा और गति का अध्ययन करते तथा वर्षा के संबंध में अनुमान व्यक्त करते थे। इसमें खगोल विज्ञान और पारंपरिक ज्ञान का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।

श्रावण : तीज की सवारी और गोठों की मस्ती

 

श्रावण आते ही बादलों, फुहारों और हरियाली के बीच जयपुर का वातावरण उत्सवमय हो उठता है। हरियाली तीज महिलाओं के सौभाग्य और दांपत्य सुख की कामना का पर्व है। लहरिये, मेहंदी, चूड़ियां, घेवर और झूलों के बिना इसका उल्लास अधूरा है। जयपुर की तीज सवारी विश्वविख्यात है। जनानी ड्योढ़ी से पारंपरिक लवाजमे के साथ रवाना होने वाली तीज माता की सवारी त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ से होती हुई तालकटोरा पहुंचती है। हाथी, घोड़े, ऊंट, सजे रथ और लोक कलाकार इसे भव्य स्वरूप देते हैं। इसके दर्शन के लिए देशी-विदेशी पर्यटक और शहरवासी बड़ी संख्या में उमड़ते हैं। श्रावण की दूसरी खासियत सामूहिक गोठ है। परिवार और मित्र शहर के बाहर रमणीय स्थलों पर जुटते हैं। दाल-बाटी-चूरमा, गीत-संगीत और हास-परिहास के बीच मेल-मिलाप का यह अंदाज जयपुर की सामाजिक संस्कृति को जीवंत बनाता है।

 

भाद्रपद : जन्माष्टमी, राधाष्टमी और गणेशोत्सव

 

भाद्रपद में जयपुर की वैष्णव परंपरा अपने पूरे वैभव के साथ दिखाई देती है। श्री राधागोविंद देवजी मंदिर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी पर विशेष सजावट, फूल बंगले, अभिषेक, भजन-कीर्तन और मध्यरात्रि आरती होती है। हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साक्षी बनते हैं। राधाष्टमी पर राधारानी का विशेष श्रृंगार और धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। वहीं गणेश चतुर्थी को जयपुर में परंपरागत रूप से ‘चतड़ा चौथ’ कहा जाता रहा है। इससे जुड़ी पत्थर फेंकने और फल-सिट्टे की पुरानी लोकपरंपरा अब लगभग समाप्त हो चुकी है।

 

आश्विन : सांझी कला, आमेर का छठ मेला और दशहरा

 

आश्विन मास लोककला और शक्ति उपासना का संगम है। पितृपक्ष में कुमारियां घरों की दीवारों पर गोबर, रंग और प्राकृतिक सामग्रियों से सांझी के चित्र बनाकर पूजा करती हैं। शारदीय नवरात्र में आमेर स्थित शिला देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। षष्ठी पर लगने वाला आमेर का प्रसिद्ध छठ मेला महिलाओं की गोठ, लोकगीतों और सामूहिक उल्लास के लिए जाना जाता है। विजयादशमी पर रामलीला और रावण वध जयपुर के बड़े आयोजनों में शामिल हैं। इस रामलीला की शुरुआत 1949 में सेठ सोहनमल गोलछा और उनके सहयोगियों ने की थी। बाद में हरिश्चन्द्र गोलछा ने परंपरा को आगे बढ़ाया। वर्ष 1961 में तत्कालीन नगर परिषद ने रामलीला मंच का निर्माण कराया। विशाल खुले मैदान में मंचीय प्रस्तुति और रावण वध का दृश्य देखने लाखों लोग पहुंचते हैं।

कार्तिक : दीपावली की जगमगाहट और अन्नकूट

कार्तिक मास में करवा चौथ, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे पर्व पारिवारिक और धार्मिक उल्लास लेकर आते हैं। चांदपोल बाजार स्थित भक्त दीनानाथजी के मंदिर में पूरे महीने कृष्णलीला की परंपरा विशेष आकर्षण रही है। दीपावली पर जयपुर के बाजार, ऐतिहासिक भवन और घर दीपमालाओं से जगमगा उठते हैं। लक्ष्मी-गणेश पूजन के बाद गोवर्धन पूजा पर मंदिरों में छप्पन भोग और अन्नकूट के दर्शन होते हैं। ऐतिहासिक रूप से राजपरिवार की मार्गपाली सवारी भी दीपोत्सव की विशिष्ट परंपरा रही है।

 

अगहन-पौष : मकर संक्रांति पर पतंगों से सजा आसमान

मकर संक्रांति जयपुर की सबसे लोकप्रिय उत्सव परंपराओं में से एक है। पर्व से कई दिन पहले बाजारों में पतंग और मांझे की दुकानें सज जाती हैं। संक्रांति पर सुबह से ही छतों पर परिवार और मित्रों की टोलियां जुटती हैं। ‘वो काटा’, ‘वो मारा’ और ‘लपेट’ की आवाजों के बीच रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान भर उठता है। तिल के लड्डू, फीणी और पारंपरिक पकवान इस उत्सव का स्वाद बढ़ाते हैं।

 

माघ : भानु सप्तमी और सूर्य आराधना

 

माघ शुक्ल सप्तमी पर भानु सप्तमी का मेला जयपुर की सूर्य उपासना और राजवंशीय परंपरा से जुड़ा है। कछवाहा राजवंश स्वयं को सूर्यवंशी मानता रहा है। इस अवसर पर सूर्यदेव की रथयात्रा और विशेष पूजा होती थी। रंग से भरी ऐसी विशेष शीशियां भी इस मेले की पहचान थीं, जिन्हें उलटने पर भी रंग बाहर नहीं गिरता था। यह जयपुर की पारंपरिक शीशी-कला का अनूठा उदाहरण रहा है।

 

फाल्गुन : होली की मस्ती और शीतला माता का लक्खी मेला

 

फाल्गुन में होली का रंग पूरे शहर को उल्लास से भर देता है। मंदिरों में भगवान के साथ फूलों और गुलाल से होली खेलने की परंपरा ‘रचना’ कहलाती है। श्री राधागोविंद देवजी मंदिर की होली विशेष आकर्षण रखती है। रंग-गुलाल, लोकगीत और पारंपरिक पकवान इस पर्व को यादगार बनाते हैं। होली के बाद द्वितीया पर भाई दूज मनाने की परंपरा भी रही है। फाल्गुन के उत्सवों में चाकसू स्थित शीतला माता का लक्खी मेला विशेष महत्व रखता है। शीतला अष्टमी पर श्रद्धालु माता के दर्शन करते हैं और एक दिन पहले तैयार किया गया ठंडा भोजन ग्रहण करते हैं। ‘अख्ते का दिन’ कहलाने वाली यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ जयपुर के पारंपरिक खान-पान और लोकजीवन की झलक प्रस्तुत करती है।

 

 त्योहारों में धड़कता जयपुर का सांस्कृतिक हृदय

 

चैत्र की गणगौर से फाल्गुन की होली तक जयपुर का वर्ष उत्सवों की निरंतर शृंखला में बंधा रहता है। कहीं शाही सवारी है तो कहीं लोकमेला, कहीं मंदिरों में भक्ति संगीत है तो कहीं पतंगों से सजा आसमान। इन पर्वों की खासियत है कि जयपुर ने देशभर में मनाए जाने वाले त्योहारों को भी अपनी राजसी विरासत, स्थानीय परंपराओं और लोकसंस्कृति से जोड़कर विशिष्ट पहचान दी है। समय के साथ कुछ परंपराएं कमजोर हुई हैं और कुछ आयोजनों का स्वरूप बदला है, लेकिन जयपुर की उत्सवधर्मिता आज भी उसकी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। इस शहर को समझना है तो इसके महलों और स्मारकों के साथ इसके त्योहारों को भी समझना होगा, क्योंकि गणगौर के गीतों, तीज की सवारी, जन्माष्टमी के जयकारों, दीपावली की रोशनी और संक्रांति की पतंगों में ही गुलाबी नगरी की असली आत्मा धड़कती है।

 

यही है जयपुर का उत्सवधर्मी स्वभाव, जहां बारहों महीने त्योहारों की बहार रहती है और हर उत्सव विरासत में एक नया रंग भर जाता है।

 

डॉ गोरधन लाल शर्मा
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लेखक, समाजशास्त्री एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर