Explore

Search

November 24, 2026 12:03 pm

गुलाबी नगरी में दिवाली का भव्य जश्न, 12 दिन तक ड्रोन शो और आतिशबाजी, 10 वार्डों को मिलेंगे ₹1.80 करोड़ के विकास कार्य

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

जयपुर। महापौर सुनील कोठारी ने आज नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में “दिवाली खुशियों वाली – विशेष आयोजन 2026” की घोषणा की। यह आयोजन 31 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक चल रहा है। प्रेस वार्ता में उपमहापौर सरोज कंवर एवं आयुक्त श्री ओम कसेरा भी उपस्थित रहे।

महापौर सुनील कोठारी ने कहा, “गुलाबी नगरी की दिवाली को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना हमारा संकल्प है। यह आयोजन केवल निगम का नहीं, पूरे शहर का है — हर नागरिक, व्यापारी और संस्थान इसमें भागीदार बने।” उन्होंने बताया कि वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में शीर्ष 10 वार्डों को कुल ₹1.80 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्य दिए जाएँगे और सभी श्रेणियों के विजेताओं को वे स्वयं सम्मानित करेंगे। महापौर ने शहरवासियों से jaipurdiwali.com पर अधिक से अधिक संख्या में प्रविष्टियाँ भेजने का आग्रह किया।

उपमहापौर सरोज कंवर ने सभी 150 वार्डों के पार्षदों से वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। आयुक्त ओम कसेरा ने महापौर के निर्देशन में की गई सफाई, सुरक्षा एवं ऑनलाइन प्रविष्टि की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

विशेष कार्यक्रम

आयोजन के तहत स्वच्छता और उत्सव से जुड़े पाँच प्रमुख कार्यक्रम हो रहे हैं।

  1. ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0 (31 अक्टूबर, शनिवार) — दिवाली से पहले शहर के सभी 150 वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। 13 ज़ोन में एक साथ सफाई हुई, जिसमें मुख्य बाज़ार, सड़कें और सार्वजनिक स्थल प्राथमिकता पर रहे। निगम ने नागरिकों से सहयोग करने और कूड़ा न फैलाने की अपील की।
  2. सफाई सेवा मैराथन 2.0 (5 नवंबर, गुरुवार) — स्वच्छता के प्रति समर्पण का सामूहिक सेवा अभियान, जिसमें सफाई कर्मचारी, पार्षद और नागरिक साथ मिलकर श्रमदान करेंगे। उत्कृष्ट वार्डों को वार्ड प्रतियोगिता के तहत पुरस्कृत किया जाएगा।
  3. ड्रोन शो (7 नवंबर, शनिवार, रात 9:00 बजे, विधानसभा) — गुलाबी नगरी के रात्रि आकाश में ड्रोन दीये, आकृतियाँ और रोशनी के संदेश रचेंगे। यह प्रदर्शन पूरे शहर से दिखाई देगा।
  4. आतिशबाज़ी (8 नवंबर, रविवार, रात 9:30 बजे, विधानसभा) — दिवाली की रात जयपुर का आसमान आतिशबाज़ी से जगमगाएगा, जो परकोटा, पहाड़ी किलों और हर छत से दिखाई देगी।
  5. विशेष सजावट (8 नवंबर, रविवार) — गलियों, हवेलियों और स्मारकों पर मिट्टी के दीये जलेंगे। रंगोली, फूल, गेंदे के तोरण और कंदील से घर, बाज़ार और सार्वजनिक स्थल सजेंगे।

प्रतियोगिताएँ एवं पुरस्कार

सभी सात प्रतियोगिताएँ 4 से 11 नवंबर 2026 तक चलेंगी। वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में शीर्ष 10 वार्डों को कुल ₹1.80 करोड़ के अतिरिक्त विकास कार्य मिलेंगे।

प्रतियोगिता 1 — वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता (वार्ड पार्षदगण के लिए): प्रत्येक वार्ड अपनी 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें (कैमरे या गैलरी से) भेज सकेगा, जिनमें स्वच्छता अभियान, नवाचार एवं विशेष पहल दर्शाई गई हो। पुरस्कार अतिरिक्त विकास कार्यों के रूप में मिलेंगे:

  • प्रथम: ₹51 लाख
  • द्वितीय: ₹31 लाख
  • तृतीय: ₹21 लाख
  • चतुर्थ से दसवाँ (7 वार्ड): ₹11 लाख प्रत्येक (कुल ₹77 लाख)

सजावट प्रतियोगिताएँ (प्रतियोगिता 2 से 7):

  1. आवासीय – पारंपरिक सजावट: घरों में रंगोली, रंगीन रंगोली, मांडना, गोबर कला, पुष्प सजावट एवं अन्य पारंपरिक सजावट। पुरस्कार: इलेक्ट्रिक दोपहिया (EV), LED टीवी, स्मार्टफ़ोन।
  2. आवासीय – आधुनिक सजावट: घरों में लाइटिंग, एलईडी एवं तकनीकी सजावट तथा अन्य आधुनिक सजावट। पुरस्कार: इलेक्ट्रिक दोपहिया (EV), LED टीवी, स्मार्टफ़ोन।
  3. व्यावसायिक प्रतिष्ठान: दुकानें, शोरूम, शॉपिंग मॉल, सुपरमार्केट, होटल एवं रिसॉर्ट, कार्यालय भवन, कारखाने तथा औद्योगिक प्रतिष्ठान। पुरस्कार: प्रशंसा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र।
  4. संस्थागत प्रतिष्ठान: विद्यालय, महाविद्यालय, सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी कार्यालय, PSUs, अस्पताल, क्लीनिक एवं चिकित्सा संस्थान, सरकारी भवन, बैंक, NGOs, धार्मिक एवं धर्मार्थ स्थल। पुरस्कार: प्रशंसा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र।
  5. बाज़ार – हेरिटेज क्षेत्र: जयपुर के परकोटा (हेरिटेज) क्षेत्र के बाज़ार। पुरस्कार: प्रशंसा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र।
  6. बाज़ार – पुरस्कार: प्रशंसा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र।

कैसे भाग लें

प्रविष्टियाँ 6 से 11 नवंबर 2026 तक केवल ऑनलाइन पोर्टल jaipurdiwali.com पर चार आसान चरणों में दी जा सकेंगी:

  1. पंजीकरण — मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें और श्रेणी चुनें।
  2. फ़ोटो अपलोड — पोर्टल के कैमरे से लाइव फ़ोटो लेकर अपलोड करें।
  3. मूल्यांकन — निर्णायक मंडल प्रकाशित मापदंडों पर अंक देगा।
  4. सम्मान — माननीय महापौर सुनील कोठारी द्वारा विजेताओं का सम्मान किया जाएगा।

 

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर