Explore

Search

November 26, 2026 12:34 pm

राजस्थान की सियासत में परिवारों की परीक्षा, कहीं अपनों को हार तो कहीं राजेंद्र राठौड़ और डूडी परिवार ने बचाई विरासत

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

राजस्थान के पंचायत और जिला प्रमुख चुनाव में इस बार राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा दांव पर रही। कहीं नेताओं के बेटे-बेटियों और बहुओं ने जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया तो कहीं मंत्रियों और दिग्गज नेताओं के परिजनों को हार का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा चर्चा चूरू में बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह राठौड़ की जीत और बीकानेर में डूडी परिवार की सफलता की रही। वहीं, मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चारों उम्मीदवारों की हार ने भी सबका ध्यान खींचा।

चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने कैसे पलटा चुनावी गणित?

चूरू जिला परिषद में कांग्रेस के पास 21 सदस्य थे, जबकि बीजेपी के पास 17 सीटें थीं। एक सीट माकपा के खाते में थी। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस मजबूत स्थिति में थी, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में बाजी बीजेपी ने मार ली। राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह राठौड़ जिला प्रमुख बनने में कामयाब रहीं।

इस जीत के पीछे क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़तोड़ को अहम माना जा रहा है। कांग्रेस के बहुमत के बावजूद पार्टी अपने सदस्यों को एकजुट नहीं रख सकी। नतीजतन बीजेपी ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा कर लिया।

इससे पहले कनिका सिंह राठौड़ ने जिला परिषद के वार्ड 23 से चुनाव जीता था। उन्हें 13,303 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की आशा स्वामी को 10,919 वोट मिले थे। कनिका ने 2,384 वोटों से जीत दर्ज की। उनके पति पराक्रम सिंह राठौड़ भी वार्ड 39 से 7,810 वोटों के अंतर से जीते थे। इस तरह राजेंद्र राठौड़ के बेटे और बहू दोनों ने चुनाव में कामयाबी हासिल की।

बीकानेर में डूडी परिवार ने बचाई विरासत, मेघवाल परिवार को झटका

बीकानेर में दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी और नोखा विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी ने जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। यहां कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान भी सामने आई। पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान ने पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ बागी उम्मीदवार के रूप में चुनौती पेश की थी।

बीजेपी प्रत्याशी धापू कंवर के नाम वापस लेने के बाद मुकाबला कांग्रेस की निकिता डूडी और बागी सरिता चौहान के बीच रह गया। इसमें निकिता ने जीत दर्ज की। इस तरह डूडी परिवार अपनी राजनीतिक विरासत बचाने में सफल रहा, जबकि मेघवाल परिवार को राजनीतिक झटका लगा। इसके बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गोविंदराम मेघवाल और सरिता मेघवाल को पार्टी से निलंबित कर दिया।

झाबर सिंह खर्रा के परिवार के चारों उम्मीदवार हारे

सीकर जिले में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के लिए पंचायत चुनाव निराशाजनक रहे। उनकी पत्नी शांति देवी, दोनों बेटे अजय सिंह और दुर्गा सिंह तथा छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा चुनाव हार गईं।

इसके अलावा चूरू में कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया को भी हार का सामना करना पड़ा। झुंझुनूं में पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की एक बहू हर्षिणी कुलहरी जीतीं, जबकि दूसरी बहू अनामिका पूनिया चुनाव हार गईं।

अलवर में कांग्रेस सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव और विधायक रमेश खींची की दोनों पुत्रवधुएं भी चुनाव नहीं जीत सकीं। जयपुर की निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा और पूर्व उप जिला प्रमुख मोहन डागर को भी हार मिली।

ममता भूपेश, हनुमान बेनीवाल और दूसरे नेताओं के परिवारों को भी मिली जीत

राजस्थान के दूसरे जिलों में भी कई राजनीतिक परिवारों ने अपनी पकड़ दिखाई। दौसा में पूर्व मंत्री ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी ने जिला परिषद का चुनाव जीता। नागौर में हनुमान बेनीवाल की बहन दाखू देवी ने पंचायत समिति वार्ड 5 से जीत दर्ज की।

सीकर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत की पुत्रवधू राजराजेश्वरी चुनाव जीतीं। बूंदी में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी के बेटे मनीष सैनी ने जीत हासिल की। सवाई माधोपुर में पूर्व मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी आशा देवी और टोंक में पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारीलाल बैरवा की बेटी अलका बैरवा भी चुनाव जीतने में सफल रहीं।

जैसलमेर में पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के दोनों भाई अमीन खान और अमरदीन फकीर जीते। वहीं रतनगढ़ में कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी नानी देवी और बहू रितु गोदारा ने भी जीत दर्ज की।

इन नतीजों से साफ है कि राजस्थान के पंचायत चुनाव केवल राजनीतिक दलों के लिए ही नहीं, बल्कि बड़े राजनीतिक परिवारों के लिए भी प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गए। कहीं परिवारों ने अपनी विरासत बचाई तो कहीं राजनीतिक रसूख भी जीत की गारंटी नहीं बन सका।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर