अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने नवंबर और दिसंबर के दौरान 65 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। रेलवे के इस फैसले से हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। रद्द होने वाली ट्रेनों में कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं।
26 नवंबर से 18 दिसंबर तक प्रभावित रहेगा रेल यातायात
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने झारसुगुड़ा-चांपा सेक्शन में चौथी रेल लाइन और सिग्नलिंग से जुड़े काम के चलते 26 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक 65 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द करने का फैसला किया है। यह फैसला रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए लिया गया है।
कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी रद्द
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, प्रभावित ट्रेनों में मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा पुणे-सांतरागाछी एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस और हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का संचालन भी अलग-अलग तारीखों पर प्रभावित रहेगा।
सफर से पहले जरूर चेक करें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द हैं, जबकि कुछ का संचालन चुनिंदा तारीखों पर प्रभावित रहेगा।
यात्रा से पहले ट्रेन का नंबर, रद्द होने की तारीख और रूट की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर जरूर जांच लें। इससे आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।





