Explore

Search

November 27, 2026 2:40 pm

राजस्थान में एआई और डिजिटल गवर्नेंस से आसान हो रहा आमजन का जीवन—मुख्य सचिव

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email
                                               सियोल में प्रमुख विशेषज्ञों के साथ वैश्विक शासन में एशिया की बढ़ती भूमिका पर चर्चा
                                  पूंजी निवेश, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी, ज्ञान संस्थान और नियम आधारित शासन से आर्थिक विकास को गति
सियोल/जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल प्लेटफॉर्म और डेटा के प्रभावी उपयोग से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने गुरुवार को सियोल में आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन के दौरान सिंगापुर, जापान और कोरिया गणराज्य के प्रमुख लोक प्रशासन विशेषज्ञों से संवाद में राज्य के अनुभव साझा किए।
मुख्य सचिव ने सिंगापुर के प्रो. डॉ. लियू होंग, जापान के प्रो. डॉ. हिदेआकी शिरोयामा और कोरिया गणराज्य के प्रो. डॉ. यंग बम ली से बातचीत की। चर्चा का केंद्र ‘एशियन मोमेंट इन ग्लोबल गवर्नेंस’, यानी वैश्विक शासन में एशिया की उभरती भूमिका तथा लोक प्रशासन में नई सोच और नवाचार को आगे बढ़ाने में एशियाई देशों का योगदान रहा।
वी. श्रीनिवास ने बताया कि एआई, डिजिटल प्लेटफॉर्म और डेटा आधारित निर्णयों के समन्वय से राजस्थान में जनसेवाएं बेहतर हुई हैं और नागरिकों का जीवन आसान बना है। राजस्थान संपर्क 181 को इस बदलाव की एक महत्वपूर्ण केस स्टडी बताते हुए उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था लोगों के जीवन में सुधार का प्रभावी माध्यम बनी है। इसका अनुभव दर्शाता है कि टेक्नोलॉजी से प्रशासन को अधिक संवेदनशील, सुलभ और नागरिक केंद्रित बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पूंजी निवेश, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी को अपनाना, संस्थानों के माध्यम से ज्ञान को बढ़ावा देना और नियम आधारित शासन राजस्थान की आर्थिक प्रगति के प्रमुख आधार हैं। ये आधार सतत आर्थिक विकास, संस्थानों की मजबूती और प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्य सचिव ने प्रो. डॉ. लियू होंग द्वारा दिए गए ब्रेबां व्याख्यान 2026 में भी भाग लिया। ‘ग्लोबल एशिया गवर्नेंस एज अ न्यू पैराडाइम’ विषयक इस व्याख्यान में एआई, डिजिटल प्लेटफॉर्म और बिग डेटा के सहयोग से वैश्विक शासन में एशिया के बढ़ते प्रभाव तथा भविष्य की शासन व्यवस्था को दिशा देने में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इन अंतरराष्ट्रीय संवादों में प्रशासनिक नवाचार, संस्थागत विकास और नागरिक केंद्रित जनसेवाओं से जुड़ी वैश्विक चर्चा में राजस्थान के अनुभवों और उनकी प्रासंगिकता को सामने रखा गया।
Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर