‘म्हारी ढूंढाड़ी’ में रची-बसी है गुलाबी नगरी की आत्मीयता, अपनत्व और लोकसंस्कृति की समृद्ध परंपरा; ‘छै’, ‘छो’ और ‘छां’ जैसे शब्दों में जीवंत है सदियों पुरानी भाषाई विरासत
जयपुर। गुलाबी नगरी की पहचान उसके भव्य महलों, ऐतिहासिक हवेलियों, चौड़ी सड़कों, रंग-बिरंगे त्योहारों और समृद्ध खानपान तक ही सीमित नहीं है। इस शहर की आत्मा यहां के लोकजीवन, रीति-रिवाजों और उस मीठी बोली में भी बसती है, जो पीढ़ियों से लोगों के बीच संवाद, अपनत्व और भावनाओं का सेतु बनी हुई है। यह बोली है ढूंढाड़ी, जिसे जयपुरी भी कहा जाता है। जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को समझना हो तो ढूंढाड़ी के शब्दों, लहजे और अभिव्यक्ति की मिठास को महसूस करना जरूरी है। इसकी सहजता में अपनापन है, शब्दों में ठेठ राजस्थानी रंग है और बोलने के अंदाज में ऐसी आत्मीयता है, जो अनजान व्यक्ति को भी अपना बना लेती है।
ढूंढाड़ प्रदेश राजस्थान के पूर्वी भूभाग का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक क्षेत्र है। जयपुर इसका प्रमुख केंद्र है। वर्ष 1727 में महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने जिस सुनियोजित नगर की स्थापना की, उसी के साथ इस क्षेत्र की भाषा, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक जीवन को भी एक विशिष्ट पहचान मिली। किसी भी समाज की सभ्यता और सांस्कृतिक चेतना को समझने में उसकी भाषा अथवा बोली की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भाषा केवल विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि इतिहास, परंपरा, लोकस्मृतियों और सामूहिक अनुभवों की संवाहिका भी होती है। ढूंढाड़ी ने सदियों से यही भूमिका निभाई है।
राजस्थानी भाषा परिवार में विशिष्ट पहचान
ढूंढाड़ी राजस्थानी भाषा की पूर्वी शाखा की प्रमुख बोली है। इसका प्रभाव जयपुर के अलावा दौसा, टोंक, सवाई माधोपुर, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में भी देखा जाता है। भौगोलिक निकटता के कारण इस पर गुजराती, मारवाड़ी, हाड़ौती, मेवाती और अन्य पड़ोसी भाषाई क्षेत्रों का प्रभाव भी पड़ा है। यही कारण है कि ढूंढाड़ी में शब्दों, उच्चारण और बोलने की शैली की विविधता दिखाई देती है। इसके बावजूद इसकी अपनी मौलिक पहचान और विशिष्ट भाषाई संरचना कायम है। राजस्थानी की विभिन्न बोलियों को व्यापक रूप से पश्चिमी और पूर्वी वर्गों में समझा जाता है। मारवाड़ी, मेवाड़ी और ढूंढाड़ी जैसी बोलियां अपने-अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक विशेषताओं को अभिव्यक्त करती हैं। ढूंढाड़ी का साहित्यिक और भाषाई अध्ययन भी इसी दृष्टि से महत्वपूर्ण है। राजस्थानी की साहित्यिक परंपरा का इतिहास सदियों पुराना है। तेरहवीं शताब्दी से विकसित डिंगल साहित्य ने इस परंपरा को समृद्ध किया। ‘कान्हड़दे प्रबंध’, ‘वेलि क्रिसन रुक्मिणी’ और ‘वीर सतसई’ जैसी रचनाएं राजस्थानी साहित्य की ऐतिहासिक समृद्धि की साक्षी हैं। इस व्यापक साहित्यिक विरासत के बीच ढूंढाड़ी ने लोकभाषा के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है।

‘छै’ में छिपा है ढूंढाड़ी का भाषाई सौंदर्य
ढूंढाड़ी की सबसे दिलचस्प विशेषताओं में इसकी सहायक क्रियाओं का प्रयोग है। सामान्य बातचीत में इस्तेमाल होने वाला ‘छै’ शब्द इसकी भाषाई पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हिंदी में जहां हम कहते हैं ‘वह सो रहा है’, वहीं ढूंढाड़ी में यही भाव ‘वो सोर्यो छै’ के रूप में व्यक्त होता है। इसी तरह ‘वह रोटी खाता है’ के लिए ‘छोरो रोटी खावै छै’ कहा जाता है। ‘छै’, ‘छो’ और ‘छां’ जैसे शब्द केवल बोलचाल की अभिव्यक्ति नहीं हैं, बल्कि ढूंढाड़ी की व्याकरणिक संरचना और भाषाई विशिष्टता को भी सामने लाते हैं। इनका प्रयोग बोलने वाले व्यक्ति, वचन और प्रसंग के अनुसार बदलता है। उदाहरण के लिए ‘म्हें पढ़ र्यो छ’ यानी मैं पढ़ रहा हूं, ‘थे पढ़ र्या छो’ यानी आप पढ़ रहे हैं और ‘म्हां पढ़ र्या छां’ यानी हम पढ़ रहे हैं। इन छोटे-छोटे शब्दों के माध्यम से ढूंढाड़ी में वाक्य का अर्थ और भाव दोनों स्पष्ट हो जाते हैं।
यही विशेषता इसे दूसरी राजस्थानी बोलियों से अलग पहचान देती है। पश्चिमी राजस्थानी की कई बोलियों में जहां ‘है’ का प्रयोग मिलता है, वहीं ढूंढाड़ी में ‘छै’ का प्रयोग अधिक प्रचलित है। गुजराती में भी ‘छे’ का प्रयोग होता है। भाषावैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार इन रूपों का संबंध प्राचीन अपभ्रंश परंपरा से जोड़ा जाता है। पुराने साहित्य में ‘छई’ और ‘अछिइ’ जैसे रूपों के प्रमाण भी मिलते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आज की बोलचाल में सहज दिखाई देने वाले ये शब्द एक लंबी भाषाई विकास यात्रा का हिस्सा हैं।
काल और भाव के अनुसार बदलते हैं शब्द
ढूंढाड़ी की एक और रोचक विशेषता है कि इसमें सहायक क्रिया के स्वर में मामूली परिवर्तन से समय का अर्थ बदल जाता है। जैसे ‘वा जारी छै’ का अर्थ है वह जा रही है, जबकि ‘वा जारी छी’ का अर्थ है वह जा रही थी। इसी तरह वर्तमान, भूत और भविष्य के भाव को व्यक्त करने के लिए इसमें अलग-अलग क्रिया रूपों का इस्तेमाल होता है। भविष्यकाल में भी ढूंढाड़ी की अपनी विशिष्टता दिखाई देती है। उदाहरण के लिए ‘मोहन जावैलो’ का अर्थ है मोहन जाएगा, जबकि ‘रामा जावैली’ का अर्थ है रामा जाएगी। इसी तरह ‘म्हें जाऊँला’ और ‘म्हें जाऊँली’ जैसे प्रयोग भी सुनने को मिलते हैं। यहां क्रिया के अंतिम स्वर में परिवर्तन के साथ लिंग और वचन का संकेत मिलता है। भाषाविज्ञान की दृष्टि से ये प्रयोग ढूंढाड़ी की समृद्ध व्याकरणिक व्यवस्था को रेखांकित करते हैं।
लोकजीवन में रची-बसी है ढूंढाड़ी की मिठास
ढूंढाड़ी का वास्तविक सौंदर्य केवल उसके व्याकरण और शब्दों में नहीं, बल्कि उस सहज संवाद में है जो जयपुर और आसपास के गांवों-कस्बों के जनजीवन में आज भी सुनाई देता है। घर-परिवार की बातचीत, लोकगीतों, कहावतों, किस्सों, विवाह समारोहों, तीज-त्योहारों और सामाजिक आयोजनों में इस बोली की मिठास अलग ही रंग बिखेरती है। इसमें रिश्तों के संबोधन हैं, बुजुर्गों के अनुभव हैं, महिलाओं के लोकगीत हैं और ग्रामीण जीवन की सहज संवेदनाएं हैं। ढूंढाड़ी के शब्दों में एक खास तरह की आत्मीयता महसूस होती है। इसके बोलने का लहजा न तो बनावटी है और न ही कृत्रिम। इसमें हास्य-विनोद भी है, व्यंग्य भी और जीवन की कठिन परिस्थितियों को सहजता से स्वीकार करने का लोकबोध भी। यही कारण है कि जयपुर की पारंपरिक संस्कृति में ढूंढाड़ी का स्थान आज भी महत्वपूर्ण बना हुआ है।
समय के साथ शहरीकरण, आधुनिक शिक्षा और संचार माध्यमों के विस्तार ने बोलचाल की भाषा में बदलाव जरूर किया है। नई पीढ़ी के संवाद में हिंदी और अंग्रेजी के शब्द बढ़े हैं, लेकिन ढूंढाड़ी की लोकप्रियता और भावनात्मक जुड़ाव अब भी कायम है। जरूरत इस बात की है कि घरों में बच्चों को अपनी बोली से जोड़ा जाए, लोकगीतों और लोकसाहित्य का संरक्षण हो तथा ढूंढाड़ी में लेखन, साहित्यिक आयोजन और भाषाई शोध को प्रोत्साहन मिले।
जयपुर की सांस्कृतिक पहचान का अनमोल हिस्सा
किसी शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों और ऐतिहासिक स्मारकों से नहीं बनती, बल्कि वहां के लोगों की भाषा, व्यवहार और जीवनशैली भी उसे विशिष्ट बनाते हैं। जयपुर की ढूंढाड़ी इसी पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह बोली गुलाबी नगरी के अतीत को वर्तमान से जोड़ती है और आने वाली पीढ़ियों तक लोकसंस्कृति की विरासत पहुंचाने का माध्यम बनती है। जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों के साथ ढूंढाड़ी की चर्चा भी जरूरी है। क्योंकि महलों और परकोटों की तरह ही यहां की बोली भी इस शहर की पहचान की धरोहर है। इसके शब्दों में ढूंढाड़ की मिट्टी की महक है, लोकजीवन की सहजता है और उस समाज की संवेदनशीलता है, जिसने अपनी परंपराओं को समय के साथ सहेजकर रखा है। ‘म्हारी ढूंढाड़ी’ महज बोलचाल का माध्यम नहीं, बल्कि जयपुर की सांस्कृतिक आत्मा की आवाज है। इसे सहेजना अपनी जड़ों, अपनी पहचान और अपनी आने वाली पीढ़ियों को विरासत सौंपने जैसा है।

डॉ गोरधन लाल शर्मा
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लेखक, समाजशास्त्री एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी







