Explore

Search

November 11, 2026 3:09 pm

जैपर – तीन सदियों का गुलाबी सफ़र, दूरदर्शी सोच, अद्भुत नगर नियोजन और गौरवशाली विरासत की 299 वर्षों की गाथा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

18 नवंबर, जयपुर स्थापना दिवस विशेष आलेख श्रंखला 

 

जयपुर। महज एक शहर नहीं, बल्कि तीन सदियों की संस्कृति, कला, स्थापत्य, परंपराओं और जीवनशैली का जीवंत दस्तावेज है। 18 नवंबर 2026 को गुलाबी नगरी अपनी स्थापना के 299 वर्ष पूरे कर 300वें वर्ष में प्रवेश करेगी। इस ऐतिहासिक पड़ाव पर हम लेकर आए हैं विशेष आलेखों की एक अनूठी श्रृंखला, जिसमें जयपुर की पहचान के उन विविध रंगों से रूबरू होंगे, जिन्होंने इसे देश-दुनिया में विशिष्ट स्थान दिलाया है। सुनियोजित बसावट से लेकर शाही पोलो तक, ढूंढाड़ी की मिठास से लेकर ज्यौनार की आत्मीयता तक, पतंगबाजी के उल्लास से लेकर मूर्तिकला और रत्नों की चमक तक… हर आलेख में झलकेगी जयपुर की अपनी एक कहानी, अपनी विरासत और अपना गौरव।

आइए, इतिहास के पन्नों से निकलकर आज भी जीवंत उस जयपुर को करीब से जानें, जिसकी परंपराओं में अतीत की खुशबू है और जिसके वैभव में भविष्य की संभावनाएं।

अंक -1

राजा सवाई जयसिंह की वैज्ञानिक दृष्टि, वास्तुकार विद्याधर की शिल्पकला और सुव्यवस्थित नगर-रचना ने जयपुर को दुनिया के चुनिंदा नियोजित शहरों में दिलाई विशिष्ट पहचान

भारत के इतिहास में जयपुर एक ऐसा अनूठा नगर है, जिसकी पहचान राजसी वैभव, स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और दूरदर्शी नगर नियोजन के अद्भुत संगम से बनी है। यहां की चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित बाजार, चौपड़, भव्य हवेलियां, मंदिर, महल और सुरक्षा के लिए बना परकोटा किसी संयोग का परिणाम नहीं, बल्कि लगभग तीन शताब्दी पहले देखे गए एक ऐसे स्वप्न की साकार अभिव्यक्ति हैं, जिसमें विज्ञान, गणित, खगोलशास्त्र, वास्तुशिल्प और जनसुविधा का अनूठा समन्वय था। 18 नवंबर 2026 को जयपुर अपनी स्थापना के 299 वर्ष पूरे करने जा रहा है। यह अवसर उस दूरदर्शी सोच को याद करने का भी है, जिसने राजस्थान की धरती पर एक ऐसा शहर बसाया, जिसका नगर नियोजन आज भी दुनिया के वास्तुकारों और इतिहासकारों के लिए अध्ययन का विषय है।

सत्ता से विज्ञान तक : एक दूरदर्शी शासक की कल्पना

जयपुर की स्थापना का श्रेय कछवाहा वंश के महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय को जाता है। वे केवल कुशल शासक और कूटनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि गणित, खगोलशास्त्र, ज्योतिष और विज्ञान में गहरी रुचि रखने वाले विद्वान भी थे। विभिन्न देशों के वैज्ञानिकों और खगोलविदों के विचारों का अध्ययन उनकी बौद्धिक जिज्ञासा का प्रमाण था। खगोलीय गणनाओं को अधिक सटीक बनाने के लिए उन्होंने दिल्ली, जयपुर, उज्जैन, मथुरा और वाराणसी में वेधशालाओं का निर्माण कराया। जयपुर का जंतर-मंतर आज भी उनकी वैज्ञानिक दृष्टि का जीवंत प्रमाण है। आमेर की सीमाओं और बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए उन्होंने एक नई राजधानी बसाने का निर्णय लिया। उनकी कल्पना में ऐसा नगर था, जहां व्यापार, आवास, प्रशासन, सुरक्षा और धार्मिक गतिविधियों के लिए सुव्यवस्थित स्थान हों।

विद्याधर भट्टाचार्य ने कागज पर रचा गुलाबी नगरी का खाका

इस स्वप्न को साकार करने की जिम्मेदारी वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य को सौंपी गई। बंगाल से आए विद्याधर ने भारतीय वास्तुशास्त्र, गणितीय सिद्धांतों और शिल्प परंपराओं का समन्वय कर जयपुर की रूपरेखा तैयार की। 18 नवंबर 1727 को जयपुर की स्थापना हुई। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि शहर को बसाने से पहले उसकी संपूर्ण योजना तैयार की गई। नगर को नौ चौकड़ियों में विभाजित किया गया। इनमें राजमहल और प्रशासनिक केंद्र के साथ आवासीय तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित किए गए। चौकड़ी सरहद, रामचंद्रजी, गंगापोल, तोपखाना हजूरी, घाट दरवाजा, विश्वेश्वरजी, मोदीखाना, तोपखाना देश और पुरानी बस्ती इस ऐतिहासिक व्यवस्था के प्रमुख हिस्से रहे। नगर के उत्तर में पहाड़ियों और दक्षिण में परकोटे तथा दरवाजों ने इसकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया।

चौड़ी सड़कें, चौपड़ और बाजार : नियोजन का अनूठा उदाहरण

जयपुर की नगर योजना का सबसे आकर्षक पक्ष इसकी सड़क व्यवस्था है। मुख्य मार्गों की चौड़ाई लगभग 108 फीट और अन्य प्रमुख मार्गों की 54 फीट रखी गई। उस दौर में यह व्यवस्था अत्यंत दूरदर्शी थी, जब अधिकांश नगर संकरी और अनियोजित गलियों से पहचाने जाते थे। बड़ी चौपड़ और छोटी चौपड़ ने शहर को सामाजिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र दिए। इनके बीच फैले बाजारों में एक जैसी स्थापत्य शैली में बनी दुकानें, बरामदे, मेहराबदार द्वार और छज्जे जयपुर की अलग पहचान बन गए। बाजारों के बरामदों का उद्देश्य लोगों को धूप और बारिश से बचाते हुए पैदल आवागमन को सहज बनाना था। वर्षा जल निकासी के लिए नालों की व्यवस्था और भवनों की ऊंचाई में एकरूपता भी नगर नियोजन की विशेषता थी। यानी शहर की सुंदरता के साथ नागरिक सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया था।

आस्था, राजसी वैभव और वैज्ञानिक विरासत

जयपुर की पहचान में धार्मिक आस्था और प्राकृतिक परिवेश का भी महत्वपूर्ण स्थान है। नाहरगढ़ की तलहटी में स्थित तालकटोरा और जयनिवास बाग का क्षेत्र महाराजा सवाई जयसिंह को विशेष प्रिय था। वृंदावन से लाए गए आराध्य देव गोविंद देवजी महाराज को जयनिवास परिसर में प्रतिष्ठित किया गया। आज गोविंद देवजी मंदिर जयपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र है।शहर के मध्य स्थित सिटी पैलेस राजसी स्थापत्य और प्रशासनिक व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है। चंद्रमहल, मुबारक महल, दीवाने आम, दीवाने खास और त्रिपोलिया जैसे भवन तत्कालीन शासन व्यवस्था और शाही जीवनशैली की झलक प्रस्तुत करते हैं। वहीं जंतर-मंतर में स्थापित सम्राट यंत्र, जयप्रकाश यंत्र और अन्य विशाल उपकरण बताते हैं कि उस दौर में पत्थरों से निर्मित यंत्रों के माध्यम से खगोलीय गणनाओं का कितना उन्नत कार्य किया जाता था। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल यह वेधशाला जयपुर की वैज्ञानिक चेतना का वैश्विक परिचय है।

हवा महल से राम चौक (अल्बर्ट हॉल) तक : स्थापत्य का विस्तार

सवाई जयसिंह के बाद भी जयपुर की स्थापत्य यात्रा आगे बढ़ती रही। महाराजा ईश्वरी सिंह ने ईसरलाट यानी सरगासूली का निर्माण कराया। इसके बाद महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने 1799 में हवा महल बनवाया। मधुमक्खी के छत्ते जैसी इसकी संरचना, असंख्य झरोखे और विशिष्ट खिड़कियां इसे विश्वभर में अलग पहचान देते हैं। शाही महिलाओं को पर्दा परंपरा का पालन करते हुए सार्वजनिक आयोजनों और बाजारों को देखने की सुविधा देना इसके निर्माण का प्रमुख उद्देश्य था। राम निवास बाग और उसमें स्थित राम चौक यानी अल्बर्ट हॉल भी जयपुर की स्थापत्य विरासत के महत्वपूर्ण अध्याय हैं। आज यह संग्रहालय राजस्थान की कला, संस्कृति और इतिहास की अनमोल धरोहरों को संजोए हुए है।

जैपर से लेकर आधुनिक जयपुर में रूपांतरण

समय के साथ जयपुर का विस्तार परकोटे से बाहर भी हुआ। महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय के शासनकाल में शिक्षा, चिकित्सा, आवास और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास को गति मिली। महाराजा कॉलेज, महारानी कॉलेज, महारानी गायत्री देवी स्कूल और सवाई मानसिंह अस्पताल जैसी संस्थाओं ने आधुनिक जयपुर की आधारशिला मजबूत की। बनी पार्क, सी-स्कीम और न्यू कॉलोनी जैसे क्षेत्रों के विकास ने शहर के विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया।इस तरह जयपुर ने अपनी परंपरागत पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक महानगर बनने की यात्रा शुरू की।

विरासत के सामने नई चुनौतियां : क्या बचा पाएंगे शहर की मूल पहचान?

299 वर्षों की यात्रा में जयपुर ने अनेक बदलाव देखे हैं। आज नई सड़कें, फ्लाईओवर, आवासीय कॉलोनियां और व्यावसायिक परिसर इसके विकास की कहानी कह रहे हैं, लेकिन इस विस्तार के बीच मूल नगर योजना और स्थापत्य विरासत का संरक्षण बड़ी चुनौती बन गया है। पुराने बाजारों के बरामदों पर अतिक्रमण, हवेलियों में मनमाने बदलाव, ऐतिहासिक भवनों के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ और सार्वजनिक स्थानों का संकुचन चिंता का विषय हैं। जिन बरामदों का निर्माण पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए हुआ था, वे कई स्थानों पर दुकानों के विस्तार तक सीमित हो गए हैं।

आवश्यकता है कि परकोटे के भीतर पारंपरिक स्थापत्य शैली और भवनों की एकरूपता बनाए रखी जाए। ऐतिहासिक हवेलियों, मंदिरों, चौपड़ों और दरवाजों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण हो। पुरानी जल निकासी व्यवस्था की उपयोगिता को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए तथा नए शहरी क्षेत्रों में हरियाली, खुली जगह और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता मिले। इसके साथ नागरिकों, व्यापारियों और युवा पीढ़ी को विरासत संरक्षण के अभियान से जोड़ना भी जरूरी है।

299 वर्षों की विरासत, भविष्य का संकल्प

जयपुर की महानता केवल इसके महलों, चौड़ी सड़कों और भव्य इमारतों में नहीं, बल्कि उस विचार में छिपी है, जिसने तीन शताब्दी पहले भविष्य की आवश्यकताओं को समझकर एक आदर्श नगर की कल्पना की थी। इसकी सड़कों में गणित है, चौपड़ों में सामाजिक जीवन का दर्शन, बाजारों में व्यापारिक दूरदर्शिता, मंदिरों में सांस्कृतिक चेतना और महलों में स्थापत्य कला का वैभव। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने भविष्य का सपना देखा और विद्याधर भट्टाचार्य ने उसे पत्थरों, सड़कों और इमारतों में जीवंत कर दिया। आज हमारी जिम्मेदारी है कि विकास की गति बनी रहे, लेकिन शहर की आत्मा न खोए। आधुनिकता का स्वागत हो, लेकिन इतिहास की पहचान धुंधली न पड़े।गुलाबी नगरी के 299वें स्थापना दिवस पर यही संकल्प होना चाहिए कि जयपुर को केवल बड़ा महानगर नहीं, बल्कि अपनी विरासत, संस्कृति, सुंदरता, हरियाली और सुव्यवस्थित नगर जीवन के साथ दुनिया का आदर्श शहर बनाया जाए।

 

डॉ गोरधन लाल शर्मा
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लेखक, समाजशास्त्री एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर