मातृ स्मृति में खेजड़ी के 500 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
चूरू। नगर वन, नेचर पार्क, डाबला रोड, चूरू में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चूरू में कार्यरत हेड कांस्टेबल डॉ. भागीरथ मेघवाल की माताजी स्वर्गीय सजना देवी की पुण्य स्मृति में राजस्थान के राजकीय वृक्ष तथा मरुस्थल की जीवनरेखा खेजड़ी के 500 पौधों का रोपण किया गया। नगर वन की टीम एवं वार्ड संख्या 46, डाबला रोड के नवयुवकों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा जिससे पुलिसकर्मी की चहुंओर सराहना हो रही है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने स्वर्गीय सजना देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण किसी प्रियजन की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेजड़ी केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि राजस्थान का राज्य वृक्ष होने के साथ- साथ संस्कृति, पर्यावरण, लोकजीवन तथा मरुस्थलीय सभ्यता की पहचान है। यह वृक्ष मिट्टी संरक्षण, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वक्ताओं ने खेजड़ी की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने वर्ष 1730 के ऐतिहासिक खेजड़ली बलिदान का स्मरण करते हुए खेजड़ी को त्याग, समर्पण तथा प्रकृति संरक्षण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि खेजड़ी का संरक्षण भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 46 के नवयुवकों की विशेष भूमिका रही। युवाओं ने न केवल पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई, बल्कि पौधों के संरक्षण, सिंचाई एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। उनकी जागरूकता और समर्पण पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके सामाजिक उत्तरदायित्व के परिचायक हैं।
इस अवसर पर डीएसबी प्रभारी मोटाराम, मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी रामनिवास शर्मा, नायब तहसीलदार चुन्नीलाल चौहान, पूर्व पार्षद कलावती लुगरिया, उपप्राचार्य मोहन अर्जुन, अध्यापक शीशराम माहिच, नगर वन टीम के जयप्रकाश स्वामी, जयप्रकाश सोनी, वेदप्रकाश सोनी तथा भानीराम सहित छोटूराम बरोड़, सोमनाथ, तेजकुमार पंवार, जगदीश चांवरिया, मुस्ताक खान, नौरतन इंदलिया, सुरेश इंदलिया, ओमप्रकाश इंदलिया, गोपीचंद बरोड़, मुकेश बरोड़, महेंद्र बरोड़, संदीप बरोड़ तथा 50 से अधिक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने खेजड़ी के पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए स्वर्गीय सजना देवी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मातृ स्मृति में आयोजित यह पौधारोपण अभियान श्रद्धांजलि, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट संगम बनकर उभरा और समाज को प्रकृति संरक्षण का सार्थक संदेश दे गया।








