झुंझुनूं । राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में काम कर रहे 8 मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही बजरी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही आसपास काम कर रहे मजदूर भी इसकी चपेट में आ गए।
उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल के अनुसार, निर्माण स्थल पर बजरी मिलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन हाईटेंशन लाइन से छू गई। इसके चलते मशीन में बिजली का करंट दौड़ गया और वहां मौजूद मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले 8 मजदूर
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में हालेड़ा मंडावरा के चार और छापोली गांव के चार निवासी शामिल हैं।
हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) की मौत हुई है। वहीं छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों का धरना
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया और हादसे को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। ग्रामीणों के धरने के चलते इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
गहलोत ने उठाए जिम्मेदारी को लेकर सवाल, मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस हादसे पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताते हुए सवाल किया कि इन मौतों के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। हादसे में एक साथ आठ मजदूरों की जान जाने से क्षेत्र में शोक की लहर है।








