Explore

Search

August 20, 2026 5:30 pm

‘अब मैं भारत में नहीं रहती’… रेबेल किड अपूर्वा मखीजा न्यूयॉर्क शिफ्ट, बोलीं- इस शहर में कुछ तो बात है

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया पर ‘रेबेल किड’ के नाम से मशहूर अपूर्वा मखीजा ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने भारत छोड़कर अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में शिफ्ट होने की पुष्टि की है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपूर्वा ने इस बात का खुलासा किया और इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखकर साफ कर दिया, “Soo… I don’t live in India anymore.” यानी अब मैं भारत में नहीं रहती।

अपूर्वा ने ‘Untriggered By AminJaz’ पॉडकास्ट में बताया कि वह दो दिन में न्यूयॉर्क जा रही हैं। पॉडकास्ट के प्रसारित होने तक वह पहले ही अमेरिका पहुंच चुकी थीं। उन्होंने कहा, “मैंने काफी यात्रा की है और जब मैं न्यूयॉर्क पहुंची तो मुझे लगा कि मैं सच में यहां रहना चाहती हूं। इस शहर में कुछ तो बात है। यह बहुत तेज है, हर कोई बहुत अच्छे कपड़े पहनता है, खाना बहुत बढ़िया है और मुझे यहां की आर्किटेक्चर बहुत पसंद है। मैंने अपनी पसंदीदा लगभग हर वेब सीरीज में न्यूयॉर्क देखा है, इसलिए मैं हमेशा से यहां रहना चाहती थी।”

अपूर्वा ने आगे बताया कि न्यूयॉर्क में रहने की उनकी इच्छा इतनी मजबूत थी कि उन्होंने सिर्फ एक ही कॉलेज में अप्लाई किया। उनका कहना था कि अगर एडमिशन मिल गया तो वह चली जाएंगी। और उन्हें एडमिशन मिल भी गया। अब वह वहां MBA की पढ़ाई करेंगी और कॉलेज डॉर्म में रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुंबई में उनके पास अच्छे दोस्त, अच्छा घर, फुल-टाइम हेल्प और अच्छी कमाई है। फिर भी वह सब छोड़कर मैनहट्टन के डॉर्म में एक सामान्य छात्र की तरह रहने जा रही हैं।

देश छोड़ने की एक बड़ी वजह उन्होंने यह भी बताई कि वह नए लोगों से मिलना चाहती हैं। भारत में उनका सोशल सर्कल ज्यादातर कंटेंट क्रिएटर्स तक सीमित हो गया था, जिससे उनकी सोच का दायरा भी सिमट रहा था। कॉलेज जाकर वह ऐसे लोगों से मिलना चाहती हैं जो इन्फ्लुएंसर वर्ल्ड से बाहर हैं और उनकी सोच को चुनौती दे सकें। अपूर्वा ने यह भी स्वीकार किया कि ऑनलाइन पर्सना बनाए रखने और लगातार रिलिवेंट बने रहने का दबाव कभी-कभी भारी पड़ने लगा था।

इस फैसले के पीछे ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद का जिक्र भी आता है। करीब एक साल पहले समय रैना के इस शो में रणवीर इलाहाबादिया के कुछ कमेंट्स को लेकर अपूर्वा भी विवादों में घिरी थीं। उस घटना के बाद उन्हें कानूनी परेशानियों और कैंसलेशन का सामना करना पड़ा था। हालांकि अपूर्वा ने साफ कहा कि वह सिर्फ विवाद की वजह से नहीं भाग रही हैं, बल्कि न्यूयॉर्क में लंबे समय से रहना चाहती थीं।

अपूर्वा ने बताया कि न्यूयॉर्क में वह कंटेंट क्रिएशन को लेकर पहले जैसी नियमित नहीं रहेंगी। अब वह तभी कंटेंट बनाएंगी जब मन करेगा। उन्होंने मजाक में कहा कि ‘कलेशी औरत’ अब नहीं रही। भविष्य में पढ़ाई पूरी करने के बाद वह भारत लौटकर अपना D2C ब्रांड शुरू करने का प्लान भी रखती हैं।

25 वर्षीय अपूर्वा मखीजा ने ‘लॉक अप 2’ जैसे रियलिटी शो में हिस्सा लेकर और बेबाक कंटेंट के जरिए युवाओं के बीच काफी लोकप्रियता हासिल की थी। अब वह अपने करियर और जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत न्यूयॉर्क से कर रही हैं। उनके इस फैसले ने सोशल मीडिया पर चर्चा का नया सिलसिला शुरू कर दिया है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर