लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को पार्किंग और पेड़ से जुड़े एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर सरेआम हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान सुयश तिवारी, उनके पिता शिवाजी तिवारी और चाचा शिवेंद्र तिवारी के रूप में हुई है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी समय से चल रहा था और घटना के वक्त दोनों एक-दूसरे का वीडियो बना रहे थे। बहस बढ़ते देख जब लोग पुलिस को बुलाने की बात कर रहे थे, तभी आरोपी ऋषभ शुक्ला अपने घर के अंदर से हथियार निकाल लाया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने आस-पास खड़ी भीड़ की परवाह किए बिना करीब 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। बचाओ-बचाओ चिल्लाकर बीच-बचाव करने दौड़े जितेंद्र नाम के एक युवक पर भी निशाना साधा गया, लेकिन उसने गाड़ी के पीछे कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
पड़ोसी ने आरोप लगाया कि इस वारदात में ऋषभ शुक्ला का पूरा परिवार शामिल था और वे पूरी योजना के साथ हत्या करने के मकसद से आए थे। आरोपी पक्ष पहले से ही दीपावली से पूर्व कोई बड़ी घटना को अंजाम देने की धमकियां दे रहा था और इलाके में आम लोगों से लेकर पुलिसकर्मियों तक के साथ आए दिन विवाद करता रहता था।
इस घटना में गोलियों का मुख्य निशाना बने तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, विशेषकर इसलिए भी कि मृतक सुयश तिवारी का विवाह अगले ही महीने तय हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








