महवा (दौसा), 31 मई 2026: शिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेस्टा) राजस्थान के बाड़मेर जिलाध्यक्ष रकम सरसैना ने उप जिला चिकित्सालय महवा में आयोजित रक्तदान शिविर में लगातार दूसरी बार रक्तदान कर उदाहरण पेश किया।
रकम सरसैना ने रक्तदान करते हुए कहा कि समाज की सेवा के लिए रक्तदान एक महान कार्य है। उन्होंने शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और दूसरों की जान बचाने में सहयोग करें।
प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने इस अवसर पर कहा, “आज की भाग-दौड़ भरी जीवनशैली में लोग बड़ी-बड़ी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। शरीर में रक्त की कमी होना आम बात हो गई है। ऐसे में समय पर रक्त उपलब्ध न होने से मरीज की जान जा सकती है। रक्तदान से हम किसी की जान बचा सकते हैं।”
सलावद एवं जिलाध्यक्ष रकम सरसैना ने सभी सक्षम लोगों से रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल दूसरों की मदद करता है बल्कि दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होता है।
इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए शिक्षक संघ रेसटा के प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने रकम सरसैना के योगदान को सराहा और कहा कि शिक्षक समुदाय को ऐसे कार्यों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।








