Explore

Search

November 28, 2026 8:07 pm

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीपथून स्तंभ पर प्रज्वलित किया गया कार्तिगई दीपम, श्रद्धालुओं ने मनाया जश्न

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

 

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद आखिरकार दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम प्रज्वलित कर दिया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। दीपक जलाए जाने के दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान मुरुगन के जयकारे लगाए और उत्साह के साथ जश्न मनाया।

इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन भी मौजूद रहे। जस्टिस एस. वैद्यनाथन ने कहा कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के शिला स्तंभ पर दीपम जलाने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि दीप प्रज्वलित करने के दौरान मुस्लिम समुदाय की ओर से कोई विरोध नहीं हुआ और क्षेत्र में सद्भाव बना रहा।

30 किलो घी और 50 मीटर लंबी बाती से जलाया गया दीप

दीप प्रज्वलन के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के जयकारे लगाए। इस पारंपरिक दीपम को जलाने के लिए करीब 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया। अनुष्ठान पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर की और पटाखे भी फोड़े। दीप प्रज्वलन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे थे।

पहाड़ी पर जाने के लिए 50 श्रद्धालुओं को मिली थी अनुमति

कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। प्रशासन ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि दीपम जलाने के लिए पहाड़ी पर जाने की अनुमति केवल 50 श्रद्धालुओं को दी जाएगी। अधिकारियों ने सार्वजनिक सुरक्षा, पहाड़ी की संरचनात्मक स्थिरता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को इस व्यवस्था का आधार बताया था। लोगों से जिला प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की गई थी।

कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा संभाली। बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने की कोशिश करने वाले लोगों को रोका गया। सीआरपीएफ के दक्षिणी क्षेत्र के महानिरीक्षक टी. विक्रम ने कहा कि बल का एकमात्र उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू कराना था।

सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया था अवमानना नोटिस

कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार को अवमानना नोटिस जारी किया था। अदालत ने अपने पहले के निर्देशों का जानबूझकर पालन नहीं किए जाने के आरोप पर यह कदम उठाया। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीप स्तंभ पर धार्मिक परंपरा के अनुसार दीपक जलाने का आदेश दिया था। इसके बाद शनिवार को दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर