Explore

Search

November 28, 2026 8:07 pm

जनक दीदी की प्रेरणादायी कार्यशाला: “सस्टेनेबल मैरिज के लिए सस्टेनेबल विकल्प” “शादी में कचरा नहीं करना” और “बाद में शादी का कचरा नहीं करना”

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

प्रकृति-प्रेम और सतत जीवन को समर्पित जिम्मी एवं जनक मगिलिगन फाउंडेशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट ने जिम्मी और जनक दीदी की शादी की 38वीं सालगिरह के अवसर पर 27 नवंबर 2026 को उनके निवास “गिरिदर्शन”, सनावदिया में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत जीवांश बत्रा के शंखनाद तथा जनक दीदी, प्रिया शर्मा और डॉ. प्रकाश कौशल की बहाई प्रार्थनाओं से हुई। डॉ. जनक पलटा मगिलिगन ने सभी का स्वागत करते हुए बहाई धर्म की शिक्षाओं और अपने 38 वर्षों के वैवाहिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, “पति-पत्नी एक पक्षी के दो पंखों के समान हैं। समान सहयोग, विश्वास और सम्मान के साथ ही रिश्ते की उड़ान संभव है।” उन्होंने एक-दूसरे की कमियों के बजाय गुणों को पहचानने और उनकी सराहना करने पर जोर दिया।

जनक दीदी ने स्पष्ट किया कि सस्टेनेबल शादी केवल बिना अनावश्यक बर्बादी के समारोह आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जीवन में स्वस्थ, प्रेमपूर्ण और सामंजस्यपूर्ण रिश्ता बनाए रखना भी है। उन्होंने बताया कि जिम्मी और वे दोनों शादी से पहले से ही बहाई धर्म के अनुयायी होने के नाते अपने दांपत्य जीवन को मानवता रूपी पक्षी की तरह जीने का प्रयास करते रहे हैं, जिसका आधार मानव जीवन की आध्यात्मिक वास्तविकता है।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कम खर्च में स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त विवाह समारोह का आयोजन करना था, ताकि धन का दुरुपयोग न हो और शादी के बाद कचरा भी न बचे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यूयॉर्क के गायक, गीतकार एवं गिटारिस्ट जेम्स डीन कोंकलिन ने “पानी बचाओ, हवा बचाओ, प्रकृति बचाओ, जीवन बचाओ” पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। उनकी मौलिक रचनाओं में पर्वतों से बहती नदी की यात्रा, अमेजन से गंगा तक नदियों की जीवनदायिनी शक्ति तथा स्त्री ऊर्जा और प्राकृतिक लय को संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। उनकी पत्नी एलिसा ज़ज़ेरा (जैविक सब्जी उत्पादक एवं प्रशिक्षक) ने वैवाहिक जीवन में एक-दूसरे की खूबियों को पहचानने, सहयोग और समझ के महत्व पर प्रकाश डाला।

श्रीमती आभा पलटा तिवारी ने विवाह के बाद नए परिवार को समझने, स्वीकार करने और उसमें अपनापन विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

‘स्वाहा’ के निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन एवं जीरो वेस्ट इवेंट विशेषज्ञ समीर शर्मा ने विवाह समारोहों से उत्पन्न कचरे और उसके पर्यावरणीय प्रभाव पर तथ्यात्मक प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि 200 से 500 मेहमानों वाले होटल विवाह में लगभग 150 से 300 किलोग्राम कचरा उत्पन्न हो सकता है। भारत में अनुमानित 1.125 करोड़ विवाह और इंदौर में लगभग 13,500 विवाहों के संदर्भ में यह समस्या गंभीर है। इंदौर में प्रतिदिन लगभग 1,200 टन नगरपालिका कचरे के बीच विवाह समारोहों से अतिरिक्त कचरा प्रबंधन व्यवस्था पर दबाव बढ़ाता है। उन्होंने भोजन की बर्बादी, प्लास्टिक पैकेजिंग, सजावट और डिस्पोजेबल वस्तुओं से होने वाले प्रदूषण पर चिंता व्यक्त की। समीर शर्मा ने बताया कि जीरो वेस्ट का विचार और मार्गदर्शन उन्हें जनक पलटा दीदी से ही मिला।

अपने विवाह का उदाहरण देते हुए समीर शर्मा ने कहा कि उनकी यूक्रेनी पत्नी अलीना के साथ अलग देश, भाषा, धर्म और संस्कृति होने के बावजूद प्रेम, नैतिक मूल्य, सम्मान और आपसी समझ ही उनके रिश्ते की ताकत बने। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि जीवनसाथी का चयन केवल बाहरी आकर्षण या सामाजिक समानताओं से नहीं, बल्कि चरित्र, मूल्यों, संवेदनशीलता, ईमानदारी और जीवन दृष्टि से करना चाहिए।

प्रोफेसर श्रीमती जयश्री सिक्का ने आर्य समाज परंपरा में आयोजित अपने टिकाऊ विवाह का अनुभव साझा किया। अन्य प्रतिभागियों ने भी सस्टेनेबल विवाह और जीवनशैली से जुड़े अनुभव प्रस्तुत किए।

दिव्य कौशल और उनके पिता डॉ. प्रकाश कौशल ने बहाई धर्म के अनुसार विवाह में व्यक्तिगत पसंद, माता-पिता की सहमति और जीवनसाथी को समझने के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने विश्वास, पारदर्शिता और आपसी समझ को सफल विवाह की नींव बताया तथा 20 दिसंबर 2026 को होने वाले अपने विवाह में शून्य अपशिष्ट अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यशाला ने यह संदेश दिया कि सस्टेनेबिलिटी केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि रिश्तों, परिवारों और सामुदायिक जीवन तक फैली हुई है। एक टिकाऊ विवाह रिश्तों को पोषित करता है, एक-दूसरे का सम्मान करता है, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाता है और जीवन के उत्सव को अधिक सार्थक बनाता है।

कार्यक्रम का समापन फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री वीरेंद्र गोयल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर