जयपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी ही रिश्ते की चाची की हत्या कर शव को घर के आंगन में दफनाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और वे जयपुर में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। महिला गर्भवती थी। आरोपी ने उसकी हत्या करने के बाद शव को मकान के चौक में दफना दिया और सामान्य जिंदगी जीने लगा। करीब चार दिन बाद मकान मालिक को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जमीन खुदवाकर शव बरामद किया।
चाची-भतीजे के बीच थे प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान किरण रावत (35) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी प्रवेश कुमार रावत उर्फ हग्गु (20) बताया गया है। दोनों उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रहने वाले थे और रिश्ते में चाची-भतीजे लगते थे।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। इसके बाद वे अपने गांव से जयपुर आ गए और बिंदायका थाना क्षेत्र के सिंवार मोड़ स्थित प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में किराए के मकान में रहने लगे। यहां दोनों लिव-इन पार्टनर के तौर पर रह रहे थे।
शक के चलते की गर्भवती महिला की हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को किरण के किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को आरोपी ने किरण की हत्या कर दी और बाद में मकान के चौक में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
इस घटना के बाद आरोपी ने किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी। वह घर से निकलकर सामान्य तरीके से अपने काम पर जाता रहा।
चार दिन बाद हुआ मामले का खुलासा
27 सितंबर को मकान मालिक कृष्ण कुमार मीणा जब मकान पर पहुंचे तो उन्हें कुछ गड़बड़ी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और जमीन खुदवाकर शव बाहर निकलवाया।
मृतका गर्भवती थी। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हत्या के बाद पदयात्रा में शामिल हुआ आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या और शव को दफनाने के बाद आरोपी सामोद में आयोजित पदयात्रा में शामिल होने चला गया था। वहां से लौटने के बाद 24 से 26 सितंबर तक वह अपनी फैक्ट्री में काम करता रहा।
जब उसे अंदेशा हुआ कि 27 सितंबर को मकान से शव मिलने के बाद पुलिस उस तक पहुंच सकती है, तो वह फैक्ट्री मालिक से किराए के 500 रुपये लेकर फरार हो गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से हुई गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार जांच और पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी प्रवेश कुमार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से पकड़ लिया।
बिंदायका पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी अनिल कुमार जैमिनी और स्पेशल टीम के जवानों की अहम भूमिका रही।








