Explore

Search

November 24, 2026 5:05 pm

न नाम का खुलासा, न पहचान जाहिर… तिरुपति बालाजी को भक्त ने भेंट किया 121 किलो सोना

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में एक भक्त की अनोखी भेंट इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। भगवान वेंकटेश्वर के एक गुमनाम भक्त ने मंदिर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण भेंट करने का फैसला किया है। इन बेशकीमती आभूषणों की अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि इतना बड़ा दान देने के बावजूद भक्त ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की इच्छा जताई है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह किसी एक भक्त की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया जाने वाला अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्वर्ण आभूषण दान हो सकता है। इन आभूषणों को 26 नवंबर 2026 को तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) प्रशासन को सौंपे जाने की तैयारी है।

121 किलो सोने से तैयार किए गए 45 आभूषण

इस विशेष भेंट में कुल 121 किलोग्राम सोने से तैयार किए गए 45 आभूषण शामिल हैं। इन्हें नौ अलग-अलग सेट में तैयार किया गया है। इनमें भगवान का मुकुट, सोने की पदुकाएं, बहुस्तरीय हार और कई अन्य पारंपरिक आभूषण शामिल हैं।

इन आभूषणों को तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा। इन्हें मंदिर प्रशासन के सुझावों और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए बनवाया गया है।

कौन है 121 किलो सोना दान करने वाला भक्त?

इस बड़े दान को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा दानदाता की पहचान को लेकर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भक्त चेन्नई से जुड़ा एक NRI कारोबारी है, जिसने विदेश में अपना बिजनेस खड़ा किया और अच्छी सफलता हासिल की।

बताया जा रहा है कि कारोबारी ने अपने व्यवसाय में मिली सफलता का श्रेय भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद को दिया है। इसी भावना के चलते उसने अपनी संपत्ति का एक हिस्सा भगवान को समर्पित करने का फैसला किया।

हालांकि, भक्त ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से भी अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने का अनुरोध किया है।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी किया था जिक्र

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पहले भी इस गुमनाम भक्त के दान के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि भक्त ने भगवान वेंकटेश्वर की कृपा से मिली संपत्ति का कुछ हिस्सा उन्हीं को समर्पित करने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, भक्त ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से अनुरोध किया था कि उसका नाम सार्वजनिक न किया जाए।

26 नवंबर को मंदिर प्रशासन को सौंपे जाएंगे आभूषण

जानकारी के मुताबिक, 26 नवंबर को मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में ये आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपे जा सकते हैं। इसके लिए तिरुमला तिरुपति देवस्थानम की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

इस भेंट को लेकर मंदिर प्रशासन में भी खास उत्साह है। 121 किलो सोने के इन आभूषणों को भगवान वेंकटेश्वर के श्रृंगार और धार्मिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल किया जाएगा।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर