Explore

Search

November 23, 2026 10:28 am

यूपी में गठबंधन की तैयारी तेज, प्रियंका गांधी ने बनाया 50-60-70 का फॉर्मूला, आज सपा-कांग्रेस की बैठक

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर 23 नवंबर से दिल्ली में बातचीत शुरू हो रही है। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मंजूरी से 60+50+70 का नया फॉर्मूला तैयार किया गया है। इस रणनीति के तहत कांग्रेस तीन चरणों में सीटों पर अपना दावा पेश करेगी।

क्या है प्रियंका गांधी का 60+50+70 फॉर्मूला?

कांग्रेस ने सीटों की मांग को तीन चरणों में बांटा है। पहले चरण में पार्टी 60 सीटों पर अपना दावा रखेगी, जिन्हें वह अपने लिए बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। इनमें पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक की सीटें शामिल हैं।

दूसरे चरण में कांग्रेस 50 सीटों पर बातचीत करेगी। इनमें उन विधानसभा क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां पिछले चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहा है। सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद क्षेत्र की सीटों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

तीसरे चरण में कांग्रेस 70 अन्य सीटों पर चर्चा करेगी। इनमें पार्टी के संगठन की मजबूती और चुनाव जीतने की संभावनाओं को आधार बनाया जाएगा। रायबरेली, अमेठी और प्रयागराज समेत कई संसदीय क्षेत्रों से जुड़ी सीटें इस सूची में शामिल हैं।

पहले 181 सीटों की मांग कर चुकी है कांग्रेस

इससे पहले कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। हालांकि, अब पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। कांग्रेस का मानना है कि सीटों की कुल संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि किन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति मजबूत है और कहां उसके उम्मीदवार के जीतने की संभावना अधिक है।

सपा की ओर से 54 सीटों का प्रस्ताव

रिपोर्ट के मुताबिक, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 54 सीटें देने की बात सामने आई है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण रहने वाली है। कांग्रेस चाहती है कि जिन सीटों पर उसका संगठन मजबूत है, वहां उसे चुनाव लड़ने का मौका मिले।

दिल्ली में तीन दिन चलेगी सीट शेयरिंग पर बैठक

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर 23 से 25 नवंबर तक दिल्ली में लगातार बैठकें होंगी। समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव की अगुवाई में चार सदस्यीय समिति बनाई गई है। इसमें श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन शामिल हैं।

वहीं कांग्रेस की ओर से अजय माकन, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी बातचीत की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जीत की संभावना बनेगी सीट बंटवारे का आधार

दोनों दलों के बीच बातचीत में प्रत्येक विधानसभा सीट पर अलग-अलग चर्चा की जाएगी। सीटों का बंटवारा उम्मीदवार की जीत की संभावना, संगठन की मजबूती और पिछले चुनावी प्रदर्शन को ध्यान में रखकर करने की बात कही गई है।

फिलहाल सीटों की संख्या को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी है। दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद दोनों दलों के नेता अपने शीर्ष नेतृत्व को बातचीत की जानकारी देंगे। इसके बाद गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर अगले दौर की रणनीति तय होगी।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर