श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब पुलिस की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला समेत दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे एजेंट के इशारे पर रेलवे ट्रैक पर धमाका कराया गया था। इस वारदात के लिए आरोपियों को 30 हजार रुपये दिए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय महकदीप कौर और 23 वर्षीय देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स की भूमिका की जांच कर रही हैं।
सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आई महिला
जांच में सामने आया है कि महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के शाह नाम के एजेंट के संपर्क में थी। आरोप है कि एजेंट ने उसे रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कराने का काम सौंपा था। इसके बाद महकदीप ने अपने साथी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के मुताबिक, पाकिस्तानी एजेंट ने आरोपियों को राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए पैसे उपलब्ध कराए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को राजस्थान पहुंचने के बाद एक तय स्थान से विस्फोटक का पैकेट मिला था।
तीन बार राजस्थान पहुंचे थे आरोपी
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे।
- 6 अक्टूबर: आरोपियों ने पहली बार राजस्थान पहुंचकर रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों की रेकी की, लेकिन वारदात नहीं कर सके।
- 12 और 13 अक्टूबर: दूसरी बार आरोपियों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने की कोशिश की, लेकिन धमाका नहीं हुआ।
- 3 नवंबर: तीसरी बार आरोपियों ने श्रीगंगानगर के 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर दिया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पहले दो प्रयास असफल रहने के बाद तीसरी बार आरोपियों ने धमाके को अंजाम दिया।
धमाके से रेलवे ट्रैक पर हुआ था बड़ा नुकसान
3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव के नजदीक अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट के कारण रेलवे ट्रैक पर करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा हो गया था। इसके अलावा दो रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और आसपास के स्लीपर के लॉक भी टूट गए थे।
बताया गया कि धमाके से करीब 75 मिनट पहले इसी ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियातन इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी थी। मरम्मत और सुरक्षा जांच के बाद 5 नवंबर को रेल यातायात दोबारा शुरू किया गया।
तीन अन्य लोगों से भी पूछताछ
दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की खबर है। इन पर आरोपियों को ठहरने की जगह, बाइक और घटनास्थल तक पहुंचने में मदद देने का संदेह है।
पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया संपर्क और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। एजेंसियों का मकसद पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स और स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचना है।
फिलहाल जांच जारी: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। मामले में पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।








