Explore

Search

November 12, 2026 2:13 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मुंबई लोकल ट्रेन से 53 वर्षीय छेड़छाड़ करने वाले आरोपी द्वारा धक्का दिए जाने के बाद महिला ने गंवाया अपना हाथ

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email
मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले के नायगांव रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 53 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 20 साल की युवती के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसे चलती लोकल ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। हादसे में युवती का बायां हाथ कोहनी के नीचे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए हाथ काटना पड़ा।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 4 नवंबर को हुई थी। मामले में आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद उसकी पहचान की और उसे नायगांव स्थित उसके घर से पकड़ा।

भायंदर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, इसलिए उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफल रही।

दिव्यांग कोच में सफर कर रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र हिरमुखे नायगांव ईस्ट के वाकीपाड़ा इलाके का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह कैंसर का मरीज भी है। घटना के समय वह लोकल ट्रेन के दिव्यांग कोच में सफर कर रहा था।

इसी दौरान 20 वर्षीय युवती शाम के व्यस्त समय में बोरीवली स्टेशन से विरार जाने वाली फास्ट लोकल में गलती से दिव्यांग कोच में चढ़ गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने स्थिति का फायदा उठाकर युवती को गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया।

युवती ने जब इसका विरोध किया और आरोपी को टोका, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। ट्रेन के नायगांव स्टेशन पहुंचने के बाद भी विवाद जारी रहा।

विरोध करने पर ट्रेन से नीचे धक्का दिया

आरोप है कि नायगांव स्टेशन पर आरोपी ने युवती को ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। इससे वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की जगह में गिर गई। युवती जब उठने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चलने लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद युवती को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। डॉक्टरों ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसका बायां हाथ कोहनी के नीचे से काट दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर