Explore

Search

November 5, 2026 12:18 pm

20 साल बाद खुला जंतर-मंतर रोड, बैरिकेडिंग पूरी तरह हटी; अब फर्राटा भरेंगी गाड़ियां!

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब 20 साल के लंबे इंतजार के बाद जंतर-मंतर रोड को आखिरकार आम यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने यहां लंबे समय से लगी भारी बैरिकेडिंग को हटा दिया है। इसके साथ ही इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो गई है।

दिल्ली पुलिस ने हटाईं सभी बैरिकेडिंग

जंतर-मंतर पर पिछले कई वर्षों से सुरक्षा कारणों के चलते भारी बैरिकेडिंग लगाई गई थी। इस वजह से अशोक रोड को टॉल्स्टॉय मार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर आम वाहनों की आवाजाही प्रभावित थी। वाहन चालकों को इस रास्ते से गुजरने के लिए दूसरे और घुमावदार रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ता था।

अब राजधानी में शांतिपूर्ण माहौल और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड्स हटाने का फैसला लिया है। करीब दो दशक बाद इस मार्ग को पूरी तरह खोल दिया गया है।

क्यों बंद था जंतर-मंतर रोड?

जंतर-मंतर देश के प्रमुख धरना-प्रदर्शन स्थलों में से एक रहा है। यहां अलग-अलग सामाजिक, राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को लेकर लंबे समय तक आंदोलन होते रहे हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर इस इलाके में बैरिकेडिंग और नाकेबंदी की गई थी।

हाल ही में जंतर-मंतर को आधिकारिक विरोध प्रदर्शन स्थलों की सूची से डी-नोटिफाई किए जाने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन नाकेबंदी जारी रखी थी।

अब वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत

सड़क खुलने से रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अब अशोक रोड और टॉल्स्टॉय मार्ग के बीच आवागमन आसान होगा। लोगों को वैकल्पिक रास्तों और अनावश्यक चक्करों से भी छुटकारा मिलेगा।

करीब 20 साल बाद जंतर-मंतर रोड से बैरिकेडिंग हटना दिल्ली के ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर