बीते दो वर्षों की सर्वाधिक चर्चित और प्रतीक्षित फिल्म रामायण गुरुवार सुबह से पूरे विश्व में सिनेमाई परदे पर अवतरित होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर नजर आ रहा है। मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के साथ-साथ सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर भी भगवान राम के लिए पलक पंवाड़े बिछाकर बैठे हैं। सिनेमाघरों ने जहाँ स्वयं को रोशनी से नहलाया है वहीं दूसरी ओर उन्होंने दर्शकों को श्रेष्ठ तकनीक का अनुभव कराने के लिए अपने परदों के साथ-साथ साउण्ट सिस्टम को पूरी तरह से नया करवाया है।
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में शामिल ‘रामायण पार्ट 1’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनाई जा रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। खास बात यह है कि पहली बार रणबीर कपूर और रॉकिंग स्टार यश एक ही फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि यश को विद्वान रावण के किरदार में देखा जाएगा। फिल्म को लेकर देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में काफी चर्चा है। रिलीज से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसे में हर किसी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी कमाई के साथ अपना सफर शुरू करती है। आइए जानते हैं फिल्म की एडवांस बुकिंग, संभावित ओपनिंग कलेक्शन, रनटाइम और दुनियाभर में होने वाली रिलीज से जुड़ी अहम जानकारियां।
‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े इसके प्रति दर्शकों की दीवानगी बयां कर रहे हैं। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक ‘रामायण’ ने एडवांस बुकिंग के जरिए 101.94 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसमें ब्लॉक की गई सीटों से होने वाली कमाई भी शामिल है। वहीं, ब्लॉक सीटों को हटाकर फिल्म की एडवांस बुकिंग से हुई कमाई 81.13 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। फिल्म ने 5 नवंबर से 9 नवंबर तक के शुरुआती पांच दिनों के लिए कुल 83,032 शोज के जरिए 25.65 लाख टिकट बेच दिए हैं। वहीं, ब्लॉक सीटों को अलग रखने पर वास्तविक रूप से बेचे गए टिकटों की संख्या 20.57 लाख रही है।
ओपनिंग डे यानी 5 नवंबर के लिए फिल्म की एडवांस बुकिंग सबसे ज्यादा मजबूत नजर आ रही है। पहले दिन के लिए ‘रामायण’ ने 39.35 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की है। ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 33.34 करोड़ रुपये रह जाता है। दूसरे दिन के लिए फिल्म की एडवांस बुकिंग 18.53 करोड़ रुपये रही, जबकि शनिवार के लिए 19.68 करोड़ रुपये की टिकटें बुक हुई हैं। रविवार के लिए एडवांस बुकिंग से 13.23 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया है। वहीं, सोमवार के लिए अब तक 5.78 करोड़ रुपये की बुकिंग हो चुकी है। रिलीज से पहले ही टिकटों की इस भारी मांग ने फिल्म के शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
हिंदी वर्जन से मिल रहा है सबसे ज्यादा कारोबार
‘रामायण’ की घरेलू एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन सबसे आगे चल रहा है। रविवार, 8 नवंबर के लिए हिंदी संस्करण ने 14,310 शोज के जरिए 10.78 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है। यह उस दिन फिल्म की कुल घरेलू एडवांस बुकिंग का लगभग 82 प्रतिशत हिस्सा है। हिंदी के बाद तेलुगु वर्जन से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। तेलुगु संस्करण की एडवांस बुकिंग 1.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि कन्नड़ वर्जन से 95.06 लाख रुपये की टिकटें बुक हुई हैं। तमिल संस्करण ने 14.20 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है। वहीं, मलयालम वर्जन के लिए अब तक 37,870 रुपये की टिकटें बुक की गई हैं।
फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े यह भी बताते हैं कि दर्शकों के बीच 3D फॉर्मेट को लेकर खासा आकर्षण है। रविवार के लिए स्टैंडर्ड 3D शो से 7.14 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है, जबकि 2D स्क्रीनिंग के जरिए 3.82 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है। इसके अलावा IMAX, 4DX, डॉल्बी सिनेमा, स्क्रीन-X, EPIQ और ICE जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स में भी दर्शक टिकट बुक कर रहे हैं। इन सभी प्रीमियम फॉर्मेट्स ने उपलब्ध शोज के आधार पर कुल 2.22 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। इससे साफ है कि दर्शक इस भव्य पौराणिक फिल्म को बड़े पर्दे पर आधुनिक तकनीक और शानदार विजुअल अनुभव के साथ देखना चाहते हैं।
पहले दिन 200 करोड़ रुपये तक की वर्ल्डवाइड ओपनिंग का अनुमान
‘रामायण’ की रिलीज से पहले ही इसके पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग और दुनियाभर में इसके प्रति बन रहे उत्साह को देखते हुए माना जा रहा है कि यह पहले दिन बड़ी ओपनिंग हासिल कर सकती है। अनुमान के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड ओपनिंग कलेक्शन 140 करोड़ से 200 करोड़ रुपये के बीच पहुंच सकता है। वहीं, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सभी भाषाओं को मिलाकर फिल्म पहले दिन 91 करोड़ से 100 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है। केवल हिंदी वर्जन की बात करें तो इसके 68 करोड़ से 80 करोड़ रुपये तक की कमाई करने की संभावना जताई जा रही है।
भारत में ओपनिंग डे के लिए फिल्म की प्री-सेल्स भी मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है। पहले दिन के लिए ‘रामायण’ ने अब तक 25.77 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स दर्ज की है, जिसमें करीब 5.97 लाख टिकटों की बिक्री शामिल है। वहीं, सभी भाषाओं को मिलाकर पहले दिन के लिए एडवांस बुकिंग का आंकड़ा करीब 36 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इन आंकड़ों के आधार पर फिल्म की ओपनिंग को लेकर कारोबार जगत में काफी उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, वास्तविक कमाई का पता फिल्म की रिलीज और सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही चलेगा।
‘रामायण’ को मिला यू सर्टिफिकेट, 3 घंटे 15 मिनट होगा रनटाइम
फिल्म की रिलीज से जुड़ी एक और अहम जानकारी इसके सेंसर सर्टिफिकेट और थिएट्रिकल रनटाइम को लेकर सामने आई है। ‘रामायण’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की ओर से बिना किसी कट के यू यानी यूनिवर्सल सर्टिफिकेट दिया गया है। इसका मतलब है कि फिल्म को सभी आयु वर्ग के दर्शक देख सकेंगे। फिल्म का थिएट्रिकल रनटाइम 195 मिनट रखा गया है, यानी दर्शकों को सिनेमाघरों में करीब 3 घंटे 15 मिनट तक रामायण की भव्य कहानी देखने को मिलेगी।
वहीं, फिल्म की रिलीज को लेकर सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे दुनियाभर में करीब 60 हजार स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जा सकता है। भारत में फिल्म को लगभग 9 हजार स्क्रीन मिलने की बात कही जा रही है, जबकि विदेशी बाजारों में करीब 50 हजार स्क्रीन पर इसे रिलीज किए जाने की तैयारी है। अगर ये आंकड़े सही साबित होते हैं तो ‘रामायण’ दुनियाभर में सबसे बड़े स्तर पर रिलीज होने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो सकती है।
तुलना करें तो इससे पहले ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ को दुनियाभर में करीब 52 हजार स्क्रीन पर रिलीज किया गया था, जबकि ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ लगभग 46 हजार स्क्रीन पर प्रदर्शित हुई थी। भारतीय फिल्मों की बात करें तो ‘पुष्पा 2: द रूल’ और ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों को भी बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में उतारा गया था। इन फिल्मों के स्क्रीन काउंट का आंकड़ा करीब 10 हजार से 13 हजार के बीच बताया गया था। ऐसे में ‘रामायण’ की प्रस्तावित वैश्विक रिलीज इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि बना सकती है।
रणबीर कपूर बनेंगे भगवान श्रीराम, यश निभाएंगे रावण की भूमिका
‘रामायण’ की स्टारकास्ट भी फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता की एक बड़ी वजह है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभाते नजर आएंगे। अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं, जबकि रवि दुबे को लक्ष्मण की भूमिका में देखा जाएगा। वहीं, दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता यश फिल्म में रावण के महत्वपूर्ण किरदार को पर्दे पर जीवंत करते दिखाई देंगे। रणबीर कपूर और यश को पहली बार एक ही फिल्म में आमने-सामने देखना दर्शकों के लिए खास अनुभव होने वाला है।
फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ जैसी चर्चित फिल्म बना चुके नितेश तिवारी ने किया है। इसके निर्माता नमित मल्होत्रा और अभिनेता यश हैं। बड़े बजट, भव्य सेट, दमदार स्टारकास्ट और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ तैयार की जा रही इस फिल्म से भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल फिल्म की रिलीज से पहले जिस तरह एडवांस बुकिंग में तेजी देखने को मिल रही है, उसने इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि 5 नवंबर को सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद ‘रामायण पार्ट 1’ कमाई के कौन-कौन से नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।








