नगरपालिकाओं को 1 करोड़, नगर परिषदों को 3 करोड़ और नगर निगमों को 10 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई है। मानसून के दौरान शहरी क्षेत्रों में मरम्मत और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
अनूपगढ़ को भी बड़ी सौगात देते हुए अनूपगढ़ किले के जीर्णोद्धार की घोषणा की गई है।
इसके साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थापित करने का भी ऐलान किया गया है।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ दौरे के दौरान प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम को देखते हुए शहरी क्षेत्रों में जरूरी मरम्मत कार्यों के लिए प्रत्येक नगरपालिका को 1 करोड़ रुपये, प्रत्येक नगर परिषद को 3 करोड़ रुपये और प्रत्येक नगर निगम को 10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने श्रीगंगानगर जिले में 389 करोड़ रुपये की लागत से 131 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार इस बात पर जोर देते हैं कि डबल इंजन सरकार में जिस सरकार द्वारा किसी परियोजना का शिलान्यास किया जाता है, वही सरकार उसका लोकार्पण भी करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री के इस संकल्प को जमीन पर उतारते हुए जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में मरम्मत कार्य स्थानीय जरूरतों के आधार पर तय किए जाएंगे। इसके लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति आवश्यक कार्यों को चिह्नित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में श्रीगंगानगर जिले के समग्र विकास के लिए 1,567 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। भविष्य में भी विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
अनूपगढ़ को मिली दो बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अनूपगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही ऐतिहासिक अनूपगढ़ किले के जीर्णोद्धार का भी ऐलान किया गया। उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर-कोटपूतली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की डीपीआर तैयार करने का काम अंतिम चरण में है।
सिंचाई और नहर परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले के 44 हजार हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में पक्के खालों के पुनर्निर्माण का काम 200 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। कन्वर्सेन नहर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त खालों के पुनरुद्धार के लिए 185 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं।
इसी तरह आईजीएनपी की बुर्जी संख्या 620 से 1458 तक नहर के दोनों किनारों को मजबूत करने के लिए 75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। भाखड़ा और गंग नहरों में खालों से जुड़े कार्यों पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सड़क विकास के तहत करणपुर-धनूर-केसरिसिंहपुर मार्ग के चौड़ीकरण पर करीब 46 करोड़ रुपये, रायसिंहनगर-पदमपुर सड़क पर 40 करोड़ रुपये और पदमपुर से चनानधाम वाया 20 बीटी सड़क पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
सूरतगढ़-अनूपगढ़ मार्ग पर एलसी-1ए के स्थान पर 97 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी तथा श्रीगंगानगर में एलसी-119 पर 30 करोड़ रुपये की लागत से आरयूबी के निर्माण को मंजूरी दी गई है। बठिंडा-सूरतगढ़ सेक्शन-94 पर भी 9 करोड़ रुपये की लागत से आरयूबी बनाया जाएगा।
नहरों की रीलाइनिंग पर भी बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाखड़ा नहर की सरदुल ब्रांच की रीलाइनिंग के लिए 225 करोड़ रुपये, करनी सिंह ब्रांच के लिए 80 करोड़ रुपये, गंग नहर की एलएनपी डिस्ट्रीब्यूटरी के लिए 50 करोड़ रुपये और जेड डिस्ट्रीब्यूटरी के लिए 22 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
20 जेड से चूनावढ़ तक 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क बनाई जाएगी। वहीं शिव चौक से किसान चौक तक 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण होगा। कन्वर्सेन लिफ्ट नहर पर 14 करोड़ रुपये की लागत से पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के लिए सरकार की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 9,000 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
गरीब परिवारों के लिए 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा योजना में 1 करोड़ पात्र लोगों के नाम जोड़े गए हैं।
युवाओं के लिए पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 1 लाख 78 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। वहीं 1 लाख 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारियां चल रही हैं।
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 लाख साइकिलें वितरित की गई हैं, जबकि 46 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराई गई है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गिनाईं उपलब्धियां
केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनूपगढ़ क्षेत्र को भारतमाला परियोजना के तहत सड़क और रेलवे विकास का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नहर सिंचाई वाले क्षेत्रों में खालों के विकास के लिए अभूतपूर्व बजट उपलब्ध कराया है।
कार्यक्रम के दौरान पॉलीहाउस के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। वहीं विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा एथलीट बसंत कुमार मेघवाल को सम्मानित किया गया। श्री यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
- 87 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्थापित सोलर पावर प्लांट।
- 21 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज और हॉस्टल।
- 61 एफ जैतसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा चक 13 एफएफ नेतवाला और कोनी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र।
- अनूपगढ़, रायसिंहनगर, केसरिसिंहपुर और गजसिंहपुर में 33 करोड़ रुपये की लागत से एफएसटीपी।
- श्रीगंगानगर में राजकीय अंबेडकर अनुसूचित जाति बालक छात्रावास।
- सूरतगढ़ में राजकीय सावित्री बाई फुले अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास।
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
- रावला में 132 केवी जीएसएस और संबंधित लाइनों का निर्माण।
- अनूपगढ़ में जिला अस्पताल भवन और विधानसभा क्षेत्र में 19 उप-स्वास्थ्य केंद्र।
- रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में 11, श्रीकरणपुर में 11, सादुलशहर में 7, श्रीगंगानगर में 6 और सूरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5 उप-स्वास्थ्य केंद्र।
- 12 करोड़ रुपये की लागत से श्रीगंगानगर में किन्नू सेंटर ऑफ एक्सीलेंस।
- श्रीगंगानगर के मिनी सचिवालय परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम भवन और कन्वेंशन सेंटर।
- अनूपगढ़ में 10 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम तथा आरडीएफ और कंपोस्ट प्लांट की स्थापना।
- इसके अलावा विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। अनूपगढ़ में हुई घोषणाओं और 389 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








