हरियाली अमावस्या पर लगाया ‘लोकतंत्र का पेड़’, नव मतदाताओं ने लिया मतदान का संकल्प
बारां। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस एवं हरियाली अमावस्या के अवसर पर ओंकार लाल नर्सिंग महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नव मतदाताओं ने लिया मतदान एवं जागरूकता का संकल्प
सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने प्रशिक्षणार्थियों एवं उपस्थित जन को मतदान का संकल्प दिलाया। उन्होंने युवाओं से आगामी चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिकाधिक मतदान हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया। नव मतदाताओं को ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर मतदाता सूची में पंजीयन की प्रक्रिया एवं निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
हरियाली अमावस्या पर लगाया ‘लोकतंत्र का पेड़’
हरियाली अमावस्या के अवसर पर ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ थीम के तहत सघन वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
पोस्टर एवं मानव श्रृंखला से दिया मतदान का संदेश
कार्यक्रम में ईएलसी सदस्यों ने आकर्षक पोस्टर तैयार कर मतदाता जागरूकता के संदेश दिए। साथ ही मानव श्रृंखला बनाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। ईएलसी प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रियंका धानुक प्रथम तथा मुस्कान मीना द्वितीय रहीं।
प्राचार्य केसरी लाल कुशवाहा ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में कैंपस एंबेसडर प्रशांत नागर, ईएलसी अध्यक्ष हर्षवर्धन एवं उपाध्यक्ष उज्ज्वल जागीर सहित 20 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
कार्यक्रम में सहायक प्रभारी ईएलसी मेहुल बर्ग, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा, सहायक प्रोफेसर महेश शर्मा, आशीष नागर, दुर्गेश योगी, हर्षिता सुवालका सहित ईएलसी सदस्य उपस्थित रहे।








