राजकोट, 09 अगस्त 2026। मीणा समाज राजकोट द्वारा विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा, इतिहास, सामाजिक एकता एवं प्रतिभाओं की शानदार झलक देखने को मिलीl
कार्यक्रम का शुभारंभ आदिवासी जननायक भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक, राजकोट श्री गिरिराज कुमार मीना रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री सुनील कुमार मीना Sr. DCM, श्री पवन कुमार मीना Sr. DFM, श्री विक्रम सिंह मीना Sr. DEE, श्री महेंद्र कुमार मीना प्राचार्य नवोदय विद्यालय, श्री महेश चंद मीना ADEN, श्री सुरेश चंद मीना XEN-PWD, श्री विजेंद्र कुमार मीना Sr. AO/AG तथा श्री प्रहलाद मीना ADSO सहित समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों का मीणा समाज की पारंपरिक पहचान धौड़ा-तौलिया एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। राजकोट के साथ-साथ सुरेंद्रनगर, वीरमगाम, थान, वांकानेर, मोरबी, पडदरी, हापा, जामनगर, द्वारका, ओखा, पोरबंदर, जैतलसर, वेरावल-सोमनाथ एवं भावनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजजनों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्कृति, प्रतिभा एवं खेल को मिला सम्मान
कार्यक्रम में समाज के बच्चों एवं युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया तथा विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

*युवाओं को शिक्षा एवं प्रगति के लिए किया प्रेरित
मुख्य अतिथि श्री गिरिराज कुमार मीना, मंडल रेल प्रबंधक, राजकोट ने अपने संबोधन में अपने जीवन संघर्ष एवं सफलता की यात्रा साझा करते हुए समाज के बच्चों एवं युवाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने तथा देश एवं समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आदिवासी महापुरुषों के योगदान एवं बलिदान को स्मरण करते हुए प्रकृति संरक्षण, सामाजिक एकता तथा संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
विशिष्ट अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने भी युवाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
*09 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग*
इस अवसर पर श्री नमोनारायण मीना, डिविजनल प्रेसिडेंट, राजकोट ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए 09 अगस्त को सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, अधिकारों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करने तथा नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
*आयोजन को सफल बनाने में समिति का महत्वपूर्ण योगदान*
कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने में मीणा समाज राजकोट की आयोजन समिति एवं सभी समिति सदस्यों ने अथक मेहनत एवं समर्पण के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों, अतिथियों के स्वागत, समाजजनों को आमंत्रित करने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, बच्चों की प्रतियोगिताओं, प्रतिभा सम्मान एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं को लेकर लगातार मेहनत की गई।
समिति के सामूहिक प्रयासों एवं समाजजनों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपस्थित समाजजनों ने आयोजन समिति की मेहनत एवं सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए इसे राजकोट में मीणा समाज की एकता, सामाजिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक गौरव का यादगार आयोजन बताया।
कार्यक्रम का समापन आदिवासी एकता, संस्कृति संरक्षण, शिक्षा, प्रतिभा प्रोत्साहन एवं सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ हुआ।








