टी20 विश्व कप में बवाल से खुश नजर आए नासिर हुसैन! बांग्लादेश-पाकिस्तान के स्टैंड की तारीफ में दिए विवादित बयान
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने टी20 विश्व कप 2026 को लेकर मचे हंगामे पर अपनी राय दी है, जिसमें उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान के रुख का खुलकर समर्थन किया है। स्काई क्रिकेट पॉडकास्ट में माइकल एथर्टन से बातचीत के दौरान हुसैन ने कहा कि उन्हें बांग्लादेश का अपने फैसले पर अड़े रहना और पाकिस्तान का बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा होना काफी पसंद है।
उन्होंने कहा, “मुझे बांग्लादेश का अपनी बात पर डटे रहना अच्छा लगा, उन्होंने अपने खिलाड़ी (मुस्तफिजुर रहमान) के लिए स्टैंड लिया। और मुझे पाकिस्तान का भी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा होना पसंद है। अब वक्त आ गया है कि कोई कहे – ‘बहुत हो गया, अब राजनीति बंद करो और क्रिकेट खेलो’।”
हुसैन ने ICC और BCCI पर निशाना साधते हुए कहा कि क्रिकेट में राजनीति बढ़ रही है और सभी टीमों (बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत) के साथ एक समान व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शक्ति के साथ जिम्मेदारी भी आती है, और छोटी टीमों को लगातार नजरअंदाज करने से खेल एकतरफा हो जाता है।
यह बयान टी20 विश्व कप के विवाद के बीच आया है, जहां बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में मैच खेलने से इनकार किया था, जिसके बाद ICC ने उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इसके विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी के मैच से इनकार कर दिया है।
नासिर हुसैन के इन बयानों को कई जगहों पर घटिया और विवादास्पद बताया जा रहा है, क्योंकि यह सीधे भारत और BCCI पर हमला माना जा रहा है, जबकि विवाद की जड़ बांग्लादेश-पाकिस्तान के फैसलों में बताई जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों में अब इस पर बहस छिड़ गई है कि क्या यह बयान निष्पक्ष है या राजनीति से प्रेरित!






