नवंबर का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और कश्मीर में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान तेजी से गिरा है। गुलमर्ग में ठंड का असर इतना बढ़ गया है कि नदी-नालों का पानी जमने लगा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है।
गुलमर्ग और पहलगाम में तापमान माइनस में
कश्मीर के कई इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम के इस बदलाव का असर गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर साफ दिखाई दे रहा है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में पारा माइनस 2.8 डिग्री तक पहुंच गया।
ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी
हाल के दिनों में गुलमर्ग, सोनमर्ग, बारामुला और कुपवाड़ा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बर्फ से ढके पहाड़ों और ठंडी हवाओं ने घाटी में सर्दी का असर और बढ़ा दिया है।
श्रीनगर में भी बढ़ी ठंड
श्रीनगर समेत घाटी के कई इलाकों में रात का तापमान जमाव बिंदु के आसपास या उससे नीचे पहुंच गया है। शोपियां में माइनस 3.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर में पारा शून्य डिग्री तक पहुंच गया। इससे लोगों को सुबह और देर शाम सबसे ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 20 और 21 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 27 नवंबर तक मौसम के सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट के चलते घाटी में ठंड का असर बना रह सकता है।








