Explore

Search

November 16, 2026 4:51 pm

लेटेस्ट न्यूज़

अमित शाह का अजित पवार को लेकर बड़ा बयान, तारीफों के बांधे पुल, उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

पुणे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता अजित पवार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अजित पवार की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि महायुति गठबंधन में उनके शामिल होने से महाराष्ट्र की सरकार को स्थिरता मिली। इसके साथ ही अमित शाह ने कोरोना काल के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

अमित शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अजित पवार के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों को याद किया। शाह ने कहा कि अजित पवार का अचानक दुनिया से चले जाना महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से पैदा हुई कमी आने वाले तीन से चार दशकों तक पूरी नहीं हो सकेगी।

महायुति में आने से सरकार को मिली स्थिरता

अमित शाह ने अजित पवार के महायुति में शामिल होने के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि उनके गठबंधन में आने से महाराष्ट्र की सरकार को स्थिरता मिली। शाह ने बताया कि जब अजित पवार ने महायुति में शामिल होने का फैसला किया था, तब उन्होंने उनसे इसकी वजह पूछी थी।

इस पर अजित पवार ने जवाब दिया था कि हर चीज का अपना एक समय होता है। उन्होंने कहा था कि देश का विकास और महायुति को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। महाराष्ट्र और देश के विकास के लिए वह महायुति के साथ आ रहे हैं।

शाह ने कहा कि अजित पवार राजनीतिक बातचीत में बेहद स्पष्ट और बेबाक थे। अगर किसी काम के लिए हां कहते थे तो हां और अगर नहीं करना होता था तो साफ मना कर देते थे। बहुत कम नेताओं में इतनी स्पष्टता और साहस देखने को मिलता है।

उद्धव ठाकरे पर भी कसा तंज

अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान महाराष्ट्र में सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए अजित पवार की सक्रियता की तारीफ की।

शाह ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान जब ऑक्सीजन का संकट था, तब वह तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से संपर्क करने की कोशिश करते थे, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाती थी। इसके उलट अजित पवार सुबह 7 बजे से ही सचिवालय में मौजूद रहते थे और फोन पर उपलब्ध रहते थे।

उन्होंने कहा कि संकट के समय अजित पवार की सक्रियता और लोगों के प्रति उनका जुड़ाव उनकी कार्यशैली को दर्शाता था।

अजित पवार को बताया सहकारिता क्षेत्र का एनसाइक्लोपीडिया

अमित शाह ने अजित पवार की प्रशासनिक क्षमता और सहकारिता क्षेत्र की समझ की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि अजित पवार को चीनी मिलों, दुग्ध संघों, सहकारी बैंकों और कृषि से जुड़े संस्थानों की समस्याओं की गहरी जानकारी थी।

शाह ने कहा कि अजित पवार का काम करने का तरीका और प्रशासनिक अनुभव आने वाली पीढ़ियों के नेताओं के लिए एक विश्वविद्यालय की तरह होगा। उनके अनुभवों से युवा नेताओं को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

अजित पवार के निधन को बताया अपूरणीय क्षति

अमित शाह ने अजित पवार के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को याद करते हुए कहा कि दादा का जाना उनके लिए भी व्यक्तिगत नुकसान है। उन्होंने कहा कि अजित पवार केवल उनके मित्र ही नहीं, बल्कि राजनीतिक साथी भी थे।

बता दें कि अजित पवार का 28 जनवरी 2026 को बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने NCP की कमान संभाली और महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री बनीं।

अमित शाह के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में अजित पवार की राजनीतिक भूमिका, महायुति में उनके योगदान और उद्धव ठाकरे के साथ उनके प्रशासनिक कामकाज की तुलना एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर