चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए कई अहम नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा, संदीप पाठक, हरभजन सिंह और अन्य नेताओं को चुनावी समितियों में जगह दी गई है।
बीजेपी ने पंजाब में चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए दो महत्वपूर्ण समितियों का गठन किया है। इनमें राज्य घोषणापत्र समिति और राज्य आरोप-पत्र समिति शामिल हैं। इन समितियों के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना एजेंडा तैयार करने के साथ-साथ भगवंत मान सरकार के कामकाज को भी मुद्दा बनाएगी।
राघव चड्ढा को मिली घोषणापत्र समिति में जगह
बीजेपी ने पूर्व आम आदमी पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को राज्य घोषणापत्र समिति में शामिल किया है। इस समिति की अध्यक्षता पूर्व पंजाब बीजेपी अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना करेंगे।
राघव चड्ढा के अलावा पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को भी इस समिति में जगह मिली है। कुल 13 सदस्यीय यह समिति पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की नीतियों, वादों और घोषणापत्र को तैयार करने का काम करेगी।
संदीप पाठक और अशोक मित्तल को भी जिम्मेदारी
बीजेपी ने राज्य आरोप-पत्र समिति की जिम्मेदारी पूर्व पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ को सौंपी है। इस समिति में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में आए संदीप पाठक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी को भी शामिल किया गया है।
कुल 14 सदस्यीय इस समिति का काम पंजाब की मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल, चुनावी वादों और शासन से जुड़े मुद्दों को सामने लाने के लिए आरोप-पत्र तैयार करना होगा।
कई दिग्गज नेताओं को भी मिली जगह
घोषणापत्र समिति में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, परमपाल कौर और एचएस फूलका जैसे नेताओं को शामिल किया गया है।
वहीं आरोप-पत्र समिति में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेज्जा राम, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ समेत कई नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
पंजाब में मिशन 2027 की तैयारी में जुटी बीजेपी
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने अभी से अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी की ओर से बनाई गई इन समितियों में पुराने और नए नेताओं को एक साथ जिम्मेदारी दी गई है।
खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी में रहकर पंजाब की राजनीति और संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके कई नेता अब बीजेपी की चुनावी रणनीति का हिस्सा हैं। पार्टी उनके राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक समझ का इस्तेमाल करना चाहती है।
इन नियुक्तियों के बाद पंजाब की राजनीति में बीजेपी की चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और संदीप पाठक जैसे नेताओं को मिली ये जिम्मेदारियां 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए कितनी अहम साबित होती हैं।








