कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। अपनी जान बचाने के लिए कई लोग बालकनी से नीचे कूद गए, जबकि कुछ लोगों ने साड़ी और चादरों को रस्सी बनाकर बाहर निकलने की कोशिश की। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
सुबह 4:30 बजे लगी आग, पूरे अपार्टमेंट में फैला धुआं
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कानपुर के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट की है। सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग में आग लग गई। वहां खड़ी कई बाइक और स्कूटी आग की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते जहरीला धुआं पांच मंजिला इमारत में फैल गया। उस समय ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे।
जान बचाने के लिए बालकनी से कूदे लोग
आग और धुएं के कारण इमारत की सीढ़ियों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इसके बाद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने जान बचाने के लिए बालकनी से छलांग लगा दी। वहीं, कुछ लोगों ने साड़ी, धोती और बेडशीट को बांधकर नीचे उतरने का रास्ता बनाया। पड़ोस की इमारत की छत तक पहुंचने के लिए लकड़ी के पटरे भी लगाए गए। इस दौरान करीब 10 से 12 लोगों को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने मदद की।
एक किशोर जिंदा जला, महिला की भी मौत
इस हादसे में 15 वर्षीय प्रांजुल बाथम की आग में झुलसने से मौत हो गई। वहीं, 48 वर्षीय राखी साहू ने जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उनकी भी मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दमकल की चार गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
संकरी गली में बना था पांच मंजिला अपार्टमेंट
बताया जा रहा है कि राधिका अपार्टमेंट करीब दो साल पहले बनाया गया था। इसमें 12 परिवार रहते थे और इमारत तक पहुंचने वाली गली महज पांच से छह फीट चौड़ी है। संकरी गली और इमारत में बाहर निकलने का सीमित रास्ता होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।








