वीडियो में दिख रहा है कि उस्मान पीछे से जॉर्जियाई फाइटर मेराब के पास आते हैं और उनके चेहरे पर थप्पड़ मार देते हैं। उस्मान, मेराब के पूर्व प्रतिद्वंद्वी उमर नूरमगोमेदोव के छोटे भाई हैं। मेराब शनिवार को होने वाले रियल अमेरिकन फ्रीस्टाइल (RAF) इवेंट में हिस्सा लेने के लिए अबू धाबी पहुंचे हैं।
घटना के बाद मेराब ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनका चेहरा खून से सना नजर आ रहा है। पूर्व UFC लाइटवेट चैंपियन इलिया टोपूरिया ने भी इस टकराव का एक वीडियो साझा किया। टोपूरिया और मेराब दोस्त हैं।
दोनों फाइटर्स के समर्थक भी भिड़े
शुरुआती थप्पड़ के बाद मेराब ने उस्मान की ओर बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद दोनों फाइटर्स के साथ मौजूद लोगों के बीच भी मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में कम से कम छह लोग शामिल थे।
मेराब ने आरोप लगाया कि जब वह होटल की लॉबी में इंटरव्यू दे रहे थे, तभी उन पर और उनके एक युवा दोस्त पर हमला किया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इलाज कराते हुए अपना वीडियो साझा किया और लिखा कि वह RAF के लिए होटल की लॉबी में इंटरव्यू दे रहे थे। इसी दौरान उस्मान और उनके साथी पीछे से आए और उन्हें तथा उनके दोस्त को मुक्के मारने लगे। मेराब के मुताबिक, जब सुरक्षा कर्मी उन्हें पकड़े हुए थे, तब भी दूसरे पक्ष के लोग उन्हें नीचे गिराकर लात मारते रहे।
घटना के बाद सामने आए एक अन्य वीडियो में मेराब ने उस्मान और उनकी टीम को ‘सांप’ कहा। उन्होंने उनके हमले के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद धोखेबाजी भरा तरीका था। मेराब ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें मुकाबला करना है तो सामने आकर करें।
उमर नूरमगोमेदोव से पुरानी है प्रतिद्वंद्विता
यह विवाद मेराब और नूरमगोमेदोव परिवार के बीच लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता का नया घटनाक्रम है। जनवरी 2025 में उमर को हराने से पहले मेराब ने उन्हें बिगड़ैल बताया था और उन पर अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया था।
इससे पहले जुलाई में जॉर्जिया में आयोजित एक अन्य RAF इवेंट के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच मामूली झड़प हुई थी।
शनिवार को होने वाले RAF इवेंट में मेराब और उमर दोनों हिस्सा लेने वाले हैं। मेराब का मुकाबला पूर्व UFC टाइटल चैलेंजर मार्लन मोरेस से होगा, जबकि उमर पूर्व UFC चैंपियन उरियाह फैबर के खिलाफ रेसलिंग मुकाबले में उतरेंगे।








