जयपुर, 03 अगस्त। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में तहसील तूंगा की ग्राम पंचायत नगराजपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में सह-खातेदारों के मध्य लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद का आपसी सहमति से समाधान कर बड़ी राहत प्रदान की गई।
ग्राम नगराजपुरा निवासी मधुसूदन पुत्र मोहनलाल एवं रमेश चंद पुत्र घीस्या की कृषि भूमि खसरा संख्या 102 से संबंधित सह-खातेदारी भूमि का विवाद लंबे समय से लंबित था। भूमि के विभाजन नहीं होने के कारण दोनों पक्षों को कृषि कार्य, राजस्व संबंधी कार्यों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व अधिकारियों ने मामले का परीक्षण कर राजस्व अभिलेखों के आधार पर आपसी सहमति से तकासमा (विभाजन) की कार्रवाई पूर्ण कराई। इससे वर्षों से चला आ रहा भूमि विवाद समाप्त हो गया तथा दोनों सह-खातेदारों को अपनी-अपनी भूमि पर पृथक अधिकार प्राप्त हो गया।
समस्या का समाधान होने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से वर्षों पुरानी समस्या का त्वरित समाधान हुआ है, जिससे अब कृषि कार्यों, ऋण, सरकारी योजनाओं एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।
ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप








