नई दिल्ली। दिल्ली में 23 अक्टूबर से एक बार फिर विरोध प्रदर्शन शुरू होने के ऐलान के बीच पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने 25 से अधिक आईपीएस और डीएएनआईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही विभिन्न पदों पर उनकी नई तैनाती भी की गई है।
दिल्ली में एक बार फिर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई है। ‘पीपल अगेंस्ट एसआईआर’ नामक संगठन ने इस प्रदर्शन के लिए लोगों से सडक़ों पर उतरने और जंतर-मंतर पर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया है। इसी बीच दिल्ली पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले की खबर सामने आई है। पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल के तहत आईपीएस अधिकारियों के साथ-साथ DANIPS कैडर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती से संबंधित आदेश 23 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए हैं। दिल्ली सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी इन आदेशों के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को उनके नए पदों पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालना होगा। उपराज्यपाल के आदेश पर जारी की गई इस तबादला सूची में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में तैनात अधिकारियों तक के नाम शामिल हैं।
तबादला आदेश के तहत आईपीएस अधिकारी मोनिका भारद्वाज को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) के पद से हटाकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राहुल मलिक को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) के पद पर तैनात किया गया है। गौरव शर्मा को भी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) की जिम्मेदारी दी गई है।
आईपीएस अधिकारी राजा बंथिया को डीसीपी टेक्नोलॉजी एवं प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन के साथ डीसीपी आईटी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नेहा यादव को डीसीपी पीएमएमसी की जिम्मेदारी दी गई है। प्रवीण कुमार त्रिपाठी को डीसीपी स्पेशल सेल से स्थानांतरित कर डीसीपी पुलिस आयुक्त सचिवालय के पद पर तैनात किया गया है।
DANIPS अधिकारी सुबोध कुमार गोस्वामी को आर्थिक अपराध शाखा में डीसीपी के पद से स्थानांतरित कर डीपीए में उपनिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जसबीर सिंह को दक्षिण-पूर्वी जिले से हटाकर बाहरी जिले में अतिरिक्त डीसीपी-1 के पद पर तैनात किया गया है। सौरभ चंद्रा को द्वारका से स्थानांतरित कर पश्चिमी जिले में अतिरिक्त डीसीपी-1 की जिम्मेदारी दी गई है।
आदित्य गौतम को एसीपी अपराध के पद से पदोन्नत जिम्मेदारी देते हुए डीसीपी अपराध बनाया गया है। डॉ. विकास श्योकंद को स्पेशल सेल से स्थानांतरित कर डीसीपी स्पेशल सेल (सीडीसी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ए. वेंकटेश को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, शाहदरा के पद पर तैनात किया गया है। मनोज कुमार मीणा को बाहरी जिले से स्थानांतरित कर दक्षिण-पूर्वी जिले में अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय की जिम्मेदारी दी गई है।
विनय माथुर को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, रोहिणी के पद पर नियुक्त किया गया है। गुरसेवक सिंह को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, उत्तर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजय कुमार को उत्तर-पश्चिमी जिले से स्थानांतरित कर डीसीपी सुरक्षा के पद पर तैनात किया गया है।
रेणु लता को एसीपी एसपीयूडब्ल्यूएसी के पद से हटाकर अतिरिक्त डीसीपी एसपीयूडब्ल्यूएसी की जिम्मेदारी दी गई है। विदुषी कौशिक को सदर बाजार से स्थानांतरित कर अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, द्वारका बनाया गया है। मनु हिमांशु को एसीपी डीई सेल से हटाकर डीसीपी डीई सेल के पद पर तैनात किया गया है।
सकारिया मिहिर प्रवीणभाई को एसीपी ऑपरेशंस, दक्षिण-पूर्वी जिले के पद से स्थानांतरित कर बाहरी जिले में अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गरिमा तिवारी को तिलक नगर से हटाकर डीसीपी डीएसएफ, नई दिल्ली के पद पर तैनात किया गया है।
आशीष कुमार को एसीपी स्पेशल सेल से स्थानांतरित कर डीसीपी आर्थिक अपराध शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। मनीष लाडला को एसीपी अपराध के पद से हटाकर डीसीपी अपराध बनाया गया है। रोहित गुप्ता को एसीपी सुरक्षा से स्थानांतरित कर डीसीपी सुरक्षा के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा राम दुलैश मीणा को अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, उत्तर जिले से स्थानांतरित कर अतिरिक्त डीसीपी-द्वितीय, उत्तर-पश्चिमी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिल्ली पुलिस में किए गए इस व्यापक फेरबदल के तहत अधिकारियों को अलग-अलग जिलों, विशेष इकाइयों और प्रशासनिक शाखाओं में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।








