महिलाओं के जीवन में अलग-अलग चरणों के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ आंखों को भी प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि महिलाओं को हर उम्र में अपनी आंखों की विशेष देखभाल करनी चाहिए। सही समय पर जागरूकता और आवश्यक निवारक उपाय अपनाने से कई गंभीर आंखों की समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
डॉक्टरों के अनुसार, महिलाओं के जीवन में प्यूबर्टी, प्रेगनेंसी, मिडल एज और मेनोपॉज जैसे कई महत्वपूर्ण चरण आते हैं। इन सभी चरणों में हार्मोनल बदलाव, खान-पान, जीवनशैली और बढ़ती उम्र का असर आंखों की सेहत पर पड़ता है। यदि समय रहते इन पर ध्यान न दिया जाए तो आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
प्यूबर्टी के दौरान बदलाव
किशोरावस्था यानी प्यूबर्टी के दौरान शरीर में तेजी से हार्मोनल बदलाव होते हैं। इस समय आंखों में सूखापन, एलर्जी या नजर कमजोर होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और स्क्रीन टाइम कम रखना आंखों के लिए फायदेमंद माना जाता है।
प्रेगनेंसी में भी जरूरी है सावधानी
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के हार्मोनल परिवर्तन होते हैं। इसके कारण कई बार आंखों में धुंधलापन, सूखापन या रोशनी के प्रति संवेदनशीलता बढ़ सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान आंखों की किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
मिडल एज में बढ़ता है खतरा
मध्य आयु में पहुंचने के बाद आंखों की रोशनी में बदलाव आना आम बात है। लंबे समय तक मोबाइल या कंप्यूटर का इस्तेमाल, तनाव और अनियमित जीवनशैली भी आंखों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। इस उम्र में नियमित आंखों की जांच कराना और पौष्टिक आहार लेना बेहद जरूरी होता है।
मेनोपॉज के बाद बढ़ सकती हैं समस्याएं
मेनोपॉज के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम हो जाता है, जिसका असर आंखों पर भी पड़ सकता है। इस दौरान ड्राई आई सिंड्रोम, मोतियाबिंद या ग्लूकोमा जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इस उम्र में आंखों की नियमित जांच और उचित देखभाल जरूरी मानी जाती है।
कैसे रखें आंखों का ध्यान
विशेषज्ञों का कहना है कि आंखों को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त पानी पीना, नियमित व्यायाम, स्क्रीन टाइम कम करना और समय-समय पर आंखों की जांच कराना जरूरी है। साथ ही विटामिन-ए, ओमेगा-3 और हरी सब्जियों का सेवन भी आंखों की सेहत के लिए लाभदायक माना जाता है।






