Explore

Search

April 5, 2026 10:41 pm

मऊ में काशी एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी, ट्रेन खाली कराकर दो घंटे चली तलाशी; कुछ नहीं मिला, अफवाह निकली

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

मऊ, 06 जनवरी 2026: उत्तर प्रदेश के मऊ रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस कंट्रोल रूम को अज्ञात कॉलर ने गोरखपुर से मुंबई जा रही काशी एक्सप्रेस ट्रेन में बम रखे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन को स्टेशन पर रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

काशी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15018) सुबह 5:53 बजे गोरखपुर से रवाना हुई थी और करीब 9:32 बजे मऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची। इसी दौरान सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास कंट्रोल रूम में फोन आया कि ट्रेन में बम है। मऊ के एसपी इलामारन जी के नेतृत्व में एएसपी अनूप कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर और जीआरपी थानाध्यक्ष सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रेन की हर बोगी की गहन तलाशी ली गई।

जांच के दौरान एक संदिग्ध बैग मिला, जिसे सावधानी से चेक किया गया, लेकिन उसमें कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई। करीब दो घंटे की सघन जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध न मिलने पर अधिकारियों ने इसे अफवाह (होक्स कॉल) करार दिया। एसपी इलामारन जी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित उतारकर पूरी ट्रेन की चेकिंग की गई और कोई खतरा नहीं है। गलत सूचना देने वाले की तलाश की जा रही है और कॉल की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिशें जारी हैं।

चेकिंग पूरी होने के बाद यात्रियों को लाइन लगवाकर दोबारा ट्रेन में चढ़ाया गया और ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची रही, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

Sanjeevni Today
Author: Sanjeevni Today

Reporter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर