कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ अभिनेता एम.एस. उमेश का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से लीवर कैंसर से पीड़ित थे। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और मनोरंजक अभिनय के लिए मशहूर उमेश के जाने से कन्नड़ सिनेमा में गहरा शोक फैल गया है। फैंस और सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर उनकी यादें साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
कैसे बिगड़ी तबीयत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ दिन पहले उमेश अपने घर में गिर गए थे। गिरने के कारण उनके पैर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद परिवार ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें लीवर कैंसर है। तब से उनका इलाज जारी था, लेकिन बीमारी ने उनकी जान ले ली।
कन्नड़ सिनेमा में बड़ा योगदान
एम.एस. उमेश कन्नड़ फिल्मों में हास्य भूमिकाओं के लिए जाने जाते थे। उनकी मौजूदगी भर से दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। दशकों तक उन्होंने अपनी एक्टिंग से इंडस्ट्री को समृद्ध किया और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके निधन को कन्नड़ सिनेमा एक बड़ी क्षति मान रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने सोशल मीडिया पर उमेश को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि एम.एस. उमेश ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब मनोरंजन किया और कन्नड़ सिनेमा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उनका निधन इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। एम.एस. उमेश के जाने से कन्नड़ फिल्म जगत ने एक अनुभवी और प्रिय कलाकार खो दिया है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।





