Explore

Search

February 16, 2026 7:17 am

उदयपुर से जयपुर जा रही ट्रेन पर पथराव, अजमेर से 5 किमी पहले हुई घटना; यात्रियों में मचा हड़कंप

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

उदयपुर से जयपुर की ओर जा रही ट्रेन 09722 पर रविवार रात करीब आठ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब अजमेर स्टेशन से लगभग 5 किलोमीटर पहले अचानक कथित रूप से पथराव की घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, ट्रेन उदयपुर से दोपहर करीब 3 बजे निकली थी और अहमदाबाद के असावरा स्टेशन से होकर जयपुर की ओर बढ़ रही थी. घटना के दौरान कोच की खिड़कियों पर एक के बाद एक 3-4 पत्थर टकराने से यात्रियों में दहशत फैल गई.

इंजन से तीसरे कोच पर पथराव

यात्रियों ने तुरंत रेलवे को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई और हालात की सूचना दी. घटना के बाद ट्रेन में बैठे कई लोग भयभीत हो गए और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे. रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अशोक चौहान ने बताया कि इंजन के पीछे का तीसरा कोच पथराव की चपेट में आया, जिसकी खिड़की का कांच पूरी तरह टूट गया है.

जांच में जुटी रेलवे की टीम

चौहान ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पत्थर किसी शरारती तत्व ने फेंका या पटरी से उछलकर कोच से टकराया. रेलवे प्रशासन दोनों संभावनाओं पर जांच कर रहा है. घटना अजमेर के आदर्श नगर और हतुंडी के बीच की बताई जा रही है. जहां पहले भी छिटपुट तौर पर ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं. रेलवे टीम घटनास्थल की मैपिंग कर पत्थर लगने के कोण और दिशा की जांच कर रही है, ताकि सटीक कारण सामने आ सके.

कोच का कांच पूरी तरह से टूटा

पथराव की आवाजें सुनते ही कोच के भीतर बैठे यात्री बुरी तरह घबरा गए और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. यात्रियों का कहना है कि तीन से चार पत्थर कोच के दोनों तरफ लगे, लेकिन एक तरफ का कांच पूरी तरह टूट गया. हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची, फिर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. रेलवे प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा बढ़ाई जाएगी.

DIYA Reporter
Author: DIYA Reporter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर