इंदौर, 18 फरवरी 2026: पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी एवं पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा स्रोत डॉ. जनक पलटा मगिलिगन (जनक दीदी) का 78वां जन्मदिन 16 फरवरी 2026 को उनकी भावना के अनुरूप विशेष पौधारोपण कार्यक्रम के साथ मनाया गया। जिम्मी एंड जनक मगिलिगन फाउंडेशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दीदी के शुभचिंतकों, प्रकृति प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बेलपत्र के ठीक 78 पौधे लगाकर उनकी इस प्रेरणादायी परंपरा को साकार किया।
जनक दीदी पिछले 40 वर्षों से अपने प्रत्येक जन्मदिन पर अपनी आयु के बराबर पेड़ लगाती आ रही हैं। यह परंपरा ईश्वर की कृपा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम बनी हुई है। चंडीगढ़ में सम्मानित पद, वेतन और परिवार छोड़कर आदिवासी महिलाओं के उत्थान के लिए बहाई पायनियर के रूप में इंदौर आईं जनक दीदी ने 6 एकड़ खाली जमीन पर प्रशिक्षण संस्था स्थापित की। उनके पति स्वर्गीय जिम्मी मगिलिगन (उत्तरी आयरलैंड से आए बहाई सेवक) के साथ मिलकर इस परिसर को हरा-भरा ग्रीन कैंपस बनाया। सेवानिवृत्ति के बाद जिम्मी ने सनावादिया में सस्टेनेबल घर बनाया, लेकिन एक कार हादसे में उनका निधन हो गया। 2011 से सनावादिया गांव की निवासी जनक दीदी ने अपनी विनम्र कृतज्ञता स्वरूप अपने घर ‘गिरिदर्शन’ के पीछे सूखी दूतनी पहाड़ी पर पौधारोपण शुरू किया।
इस वर्ष इंदौर वन विभाग और ग्रीन हीरो अम्बरीश केला के सहयोग से कार्यक्रम और भी प्रभावशाली रहा। 16 फरवरी को प्रातः 9 बजे प्राकृतिक वातावरण में ख्यात हृदय विशेषज्ञ एवं पर्यावरण प्रेमी डॉ. भरत रावत के शंखनाद से शुरुआत हुई। इसके बाद जनक दीदी, ललिता शर्मा, आर्यमा सान्याल, अजय टिपानिया और संगीतगुरु गौतम काले की प्रार्थनाओं के साथ पौधारोपण हुआ।
कार्यक्रम में इंदौर जिले के वन अधिकारी श्री लाल सुधाकर, फॉरेस्ट रेंजर श्रीमती संगीता ठाकुर, पूर्व एयरपोर्ट डायरेक्टर श्रीमती आर्यमा सान्याल, डॉ. भरत रावत, फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री वीरेंद्र गोयल एवं श्रीमती अनुराधा दुबे, जयपुर से चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री एल.एस. खंडेलवाल, जबलपुर से पूजा अहिरवार, महू से पर्यावरण प्रेमी देववासुदेवन एवं श्रीदेवी, इंदौर से डॉ. दिलीप वाघेला, सचिन, सनावादिया के सम्मानीय नेता श्री रवि रावलिया, उपसरपंच प्रकाश रावलिया, इंद्र भंडारी, मास्टरजी रूपनारायण पटेल, महेंद्र धाकड़, बालक रुद्रांश भंडारी, बहाई समुदाय से ललिता हातिम अनंत, प्रिया सुमित शर्मा, सोलर विशेषज्ञ सुष्मिता भट्टाचार्य सहित कुल 86 लोगों ने पौधे रोपे। कार्यक्रम में लगभग 100 लोग शामिल हुए।
दीदी के युवा स्वयंसेवक शैलेन्द्र सिंह यादव, प्रद्युम्न गुर्जर, विनोद यादव, तुहीना एवं तनवी झा, पुष्पा जैन की बेटियां चेरी एवं शिखा तथा इंद्र भंडारी परिवार ने फार्म पर स्वल्पाहार, स्वागत, पानी की व्यवस्था (अम्बरीश केला द्वारा) और पौधारोपण की तैयारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अवसर नहीं, बल्कि सतत सामाजिक जिम्मेदारी है। जनक दीदी ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, “प्रकृति की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित धरोहर छोड़ना हम सबका कर्तव्य है।”
यह वार्षिक परंपरा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को मजबूत करती है। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाना और हरित क्षेत्र का विस्तार करना रहा।






