राज्यसभा उपचुनावः भाजपा उम्मीदवार ने वापस लिया अपना नामांकन

महाराष्ट्र में राज्यसभा की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार संजय उपाध्याय ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।

राज्यसभा उपचुनावः भाजपा उम्मीदवार ने वापस लिया अपना नामांकन

मुंबई। महाराष्ट्र में राज्यसभा की एक सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार संजय उपाध्याय ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके बाद कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पाटिल के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने रजनी पाटिल को शुभकामनाएं दी हैं।

चंद्रकांत पाटिल ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि उपचुनाव के सिलसिले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात ने विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की थी। पटोले और थोरात ने इस उपचुनाव को निर्विरोध संपन्न कराने का अनुरोध किया था। नेताद्वय ने कहा था कि राज्य में अब तक की परंपरा रही है कि किसी जनप्रतिनिधि के निधन से खाली हुई सीट पर उपचुनाव निर्विरोध होता रहा है। इस पर भाजपा को विचार करना चाहिए। इसके बाद भाजपा कोर कमेटी ने इन दोनों नेताओं के प्रस्ताव पर विचार करते हुए संजय उपाध्याय को नामांकन वापस लेने के लिए कह दिया। इसी वजह से आज संजय उपाध्याय ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।

यह खबर भी पढ़ें: यहां लोग स्नेक वाइन से लेकर मेंढक और बत्तख को बनाते हैं अपना भोजन

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा उपचुनाव 4 अक्टूबर को निर्धारित है। भाजपा उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने के बाद इस उपचुनाव में सिर्फ एक उम्मीदवार रजनी पाटिल ही बची हैं। इसलिए उनका निर्विरोध निर्वाचन तय है। हालांकि अभी तक चुनाव आयोग ने इसकी अधिकृत घोषणा नहीं की है।

Download app: अपने शहर की तरो ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए डाउनलोड करें संजीवनी टुडे ऐप

From around the web