जयपुर। शहर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और अनधिकृत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ के तहत बड़ी कार्रवाई की। जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित विशेष सतर्कता दलों ने शहर के चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।
इस कार्रवाई में कुल 222 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा 2 व्यावसायिक गैस सिलेंडर, 2 पिकअप वाहन, 2 मोटरसाइकिल, 23 अप्रमाणित छोटे गैस सिलेंडर, एक रिफिलिंग जुगाड़ (उपकरण), दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 3 बांसुरी और एक रेगुलेटर मय पाइप भी बरामद हुए।
अवैध गतिविधियों में लिप्त 5 आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से सोडाला, जनता नगर, राकड़ी जैसे क्षेत्रों में की गई, जहां घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर व्यावसायिक उपयोग या कालाबाजारी के लिए रिफिलिंग की जा रही थी।
यह अवैध रिफिलिंग न केवल उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षा का खतरा पैदा करती है, बल्कि सरकारी सब्सिडी वाले घरेलू गैस का दुरुपयोग भी करती है, जिससे आम आदमी को सिलेंडर मिलने में दिक्कत होती है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों पर सख्ती बरती जाएगी और ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
यह कार्रवाई आम जनता की सुरक्षा और निष्पक्ष वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आगे की जांच जारी है






