भारत के लिए बड़ा झटका! दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू दुबई में फंस गई हैं और प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 से बाहर हो गई हैं।
टूर्नामेंट 3 मार्च से बर्मिंघम (इंग्लैंड) में शुरू हो रहा है, लेकिन मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण सिंधु दुबई एयरपोर्ट पर फंसी हुई हैं। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में एयरस्पेस बंद हो गया, जिससे फ्लाइट्स सस्पेंड हो गईं। सिंधु शनिवार से दुबई में अटकी हुई हैं और उनके कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ सुरक्षित स्थान पर पहुंचाई गई हैं।
सिंधू ने सोशल मीडिया पर अपडेट देते हुए बताया कि स्थिति काफी डरावनी है। उनके कोच से महज 100 मीटर दूर धमाका हुआ था, और वे सब सुरक्षित हैं लेकिन टेंशन में हैं। उन्होंने कहा, “हम सुरक्षित हैं, लेकिन हालात बहुत तनावपूर्ण हैं। टीम एकजुट है और हम सब एक-दूसरे का साथ दे रहे हैं।”
इस वजह से सिंधू पहले राउंड में थाईलैंड की सुपनिडा कटेथोंग के खिलाफ मैच नहीं खेल पाएंगी। बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) और ऑर्गनाइजर्स स्थिति पर नजर रख रहे हैं, लेकिन दुबई एयरपोर्ट और एयरस्पेस के बंद रहने से उनका पहुंचना नामुमकिन हो गया है।
भारतीय बैडमिंटन टीम के लिए यह बड़ा नुकसान है, क्योंकि ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। अब लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग जैसे खिलाड़ी भारत की उम्मीदें बढ़ाएंगे।






