क्रिकेट की दुनिया में एक नई शुरुआत होने जा रही है। अब महिला और पुरुष क्रिकेटर एक ही टीम में खेलते हुए नजर आएंगे। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान इस अनोखी पहल से जुड़ गए हैं। उनकी सह-स्वामित्व वाली कंपनी एंकर स्पोर्ट्स एबी और जर्मन क्रिकेट फेडरेशन मिलकर ‘Equal’ नाम की मिक्स्ड जेंडर T20 लीग शुरू करने जा रहे हैं। इस लीग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों को एक साथ खेलने का मौका मिलेगा।
अगले साल अगस्त में होगा टूर्नामेंट
‘Equal’ T20 लीग का आयोजन अगस्त 2027 में किया जाएगा। शुरुआती फॉर्मेट के मुताबिक, इस टूर्नामेंट में कुल पांच टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों के बीच कुल 12 T20 मुकाबले खेले जाएंगे। इस लीग का मुख्य उद्देश्य महिला और पुरुष पेशेवर क्रिकेटरों को एक ही मंच पर खेलने का अवसर देना है।
हर टीम में होंगे 18 खिलाड़ी
इस लीग का सबसे खास पहलू इसका प्लेइंग इलेवन फॉर्मेट है। हर टीम में कुल 18 खिलाड़ी होंगे, जबकि मैदान पर एक समय में 11 खिलाड़ी उतरेंगे। इनमें छह महिला और पांच पुरुष क्रिकेटर शामिल होंगे।
इस तरह हर मुकाबले में महिला और पुरुष खिलाड़ी एक साथ अपनी टीम के लिए प्रदर्शन करेंगे। क्रिकेट के पारंपरिक फॉर्मेट से अलग यह प्रयोग खेल की दुनिया में नई चर्चा पैदा कर सकता है।
जहीर खान ने क्या कहा?
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने इस पहल को क्रिकेट के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनके मुताबिक, क्रिकेट में लोगों को एक साथ जोड़ने की ताकत है।
उन्होंने कहा कि खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए जरूरी है कि इस खेल को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक आसानी से पहुंचाया जाए।
क्रिकेट में बराबरी को मिलेगा नया मंच
‘Equal’ लीग के जरिए महिला और पुरुष खिलाड़ियों को एक साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस पहल को क्रिकेट में भागीदारी बढ़ाने और खेल के नए दर्शक तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
अब सभी की नजरें अगस्त 2027 में होने वाले इस टूर्नामेंट पर रहेंगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि महिला और पुरुष क्रिकेटरों की संयुक्त टीमें मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती हैं।








