Explore

Search

November 5, 2026 6:55 pm

MSRTC का 83,000 कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस का ऐलान, महंगाई भत्ता बढ़ाकर 60% किया

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

मुंबई । देश के सबसे बड़े राज्य संचालित सार्वजनिक परिवहन उपक्रम महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के कर्मचारियों के लिए इस दिवाली बड़ी खुशखबरी सामने आई है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनायक ने गुरुवार को घोषणा करते हुए बताया कि एमएसआरटीसी के सभी कर्मचारियों को इस वर्ष 10,000 का दिवाली बोनस दिया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब उनका डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है।

सरकार के इस महत्वपूर्ण फैसले से राज्य परिवहन निगम के लगभग 83,000 कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बांद्रा स्थित परिवहन आयुक्त कार्यालय में एमएसआरटीसी की विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। परिवहन मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि पात्र कर्मचारियों को त्योहार के अवसर पर ₹12,500 का अग्रिम (एडवांस) भी दिया जाएगा। बोनस और महंगाई भत्ते में की गई इस वृद्धि से निगम पर लगभग 160 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

परिवहन मंत्री प्रताप सरनायक ने कहा कि हालांकि निगम इस समय वित्तीय चुनौतियों का सामना कर रहा है, फिर भी राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की खुशियों और दिवाली के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एमएसआरटीसी के अधिकारी और कर्मचारी लाखों यात्रियों को सुरक्षित यात्रा प्रदान करने के लिए चौबीसों घंटे काम करते हैं। ऐसे में उन्हें दिवाली पर बोनस देना केवल उदारता नहीं बल्कि उनका अधिकार है।

उल्लेखनीय है कि लगभग 15,000 बसों के विशाल बेड़े के साथ एमएसआरटीसी प्रतिदिन लगभग 55 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। मंत्री ने कर्मचारियों से किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन या हड़ताल पर न जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन से उन सामान्य यात्रियों को भारी असुविधा होती है जो पूरी तरह से राज्य परिवहन की सेवाओं पर निर्भर हैं। सरकार और निगम कर्मचारियों के मुद्दों को बातचीत के जरिए हल करने और एमएसआरटीसी की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर