लम्बे अरसे से केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से मंजूरी का इंतजार कर रही सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर कहा जा रहा है कि निर्माताओं द्वारा 26 जनवरी को फिल्म रिलीज करने की अटकलों के बीच, यह फिल्म किसी राष्ट्रीय अवकाश पर रिलीज होने की दौड़ में नहीं है।
अभिनेता सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को वर्तमान में सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। सिने गलियारों में बहती हवाओं का कहना है कि एक बार फिल्म को मंजूरी मिलने के बाद, सलमान खान इसे किसी राष्ट्रीय अवकाश (नेशनल हॉलिडे) पर रिलीज करने की योजना नहीं बना रहे हैं। यह खबर उन तमाम रिपोर्टों के बीच आई है जिनमें दावा किया जा रहा था कि निर्माता केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से मंजूरी लेने की कोशिश कर रहे हैं और 26 जनवरी की रिलीज पर नजर टिकाए हुए हैं।
इंडस्ट्री के एक सूत्र ने इंडिया टुडे को बताया कि सलमान खान बॉक्स ऑफिस पर राष्ट्रीय अवकाश के अवसर का फायदा उठाने में दिलचस्पी नहीं रखते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि फिल्म की कहानी और विषय-वस्तु इतनी दमदार है कि यह किसी भी दिन दर्शकों के दिल में देशभक्ति का जज्बा जगा सकती है।
सूत्र ने कहा, ‘‘मातृभूमि को रिलीज करने के लिए 15 अगस्त या 26 जनवरी का चुनाव किया जा सकता था, क्योंकि ये बिल्कुल सही अवसर होते। लेकिन सलमान खान का यह मानना है कि देशभक्ति कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे सिर्फ किसी एक खास दिन ही मनाया जाए।’’
इसका मतलब यह भी है कि निर्माता 15 अगस्त की रिलीज विंडो को भी निशाना नहीं बनाएंगे। यह एक बड़ा फैसला है, क्योंकि स्वतंत्रता दिवस के मौके को सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित करने का एक बहुत बड़ा अवसर माना जाता है।
सूत्र ने आगे कहा कि सलमान खान का मानना है, ‘‘देश के प्रति प्रेम को हर एक दिन महसूस किया जाना चाहिए, व्यक्त किया जाना चाहिए और उसका जश्न मनाया जाना चाहिए। हमारे लिए, जिस दिन भी फिल्म रिलीज होगी, वही दिन देशभक्ति का दिन होगा। ठीक वैसे ही जैसे आप अपनी मां से सिर्फ मदर्स डे पर ही प्यार नहीं करते, वैसे ही आप अपनी मातृभूमि के प्रति अपने प्यार को स्वतंत्रता दिवस या गणतंत्र दिवस तक सीमित नहीं रख सकते। सच्चा प्यार, चाहे मां के लिए हो या मातृभूमि के लिए, सिर्फ प्रतीकात्मक इशारों से परे होता है। यह एक ऐसी भावना है जिसे आप हर दिन अपने दिल में लेकर चलते हैं।’’
फिल्म के बारे में यह कहा जा रहा है यह फिल्म कोई विशुद्ध युद्ध गाथा (वार सागा) नहीं बनाई गई है। हालांकि युद्ध की पृष्ठभूमि इसमें मौजूद है, लेकिन मुख्य विचार पारिवारिक बंधनों, रिश्तों की संवेदनशीलता और दोस्ती की शुरुआत को उजागर करना है।
गलवान घाटी की लड़ाई पर आधारित ‘मातृभूमि—मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में हैं। इससे पहले खबर आई थी कि फिल्म के भारत-चीन से जुड़े विषय ने सेंसर बोर्ड का ध्यान आकर्षित किया था, जो इसकी रिलीज में हो रही देरी की एक प्रमुख वजह बना।








