Explore

Search

October 22, 2026 4:52 pm

लेटेस्ट न्यूज़

भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज हुआ यह खास विश्व रिकॉर्ड, लेकिन यहां कर बैठे चूक

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (36) की लंबे समय बाद भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी हुई है। भुवनेश्वर को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पांचवें व अंतिम टी20 मैच में अर्शदीप सिंह के चोटिल होने पर खेलने का मौका मिला था। हालांकि वह मैच बरसात से धुल गया और उन्हें गेंदबाजी का अवसर नहीं मिला। भुवी को गुरुवार (22 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड की धरती पर टी20 सीरीज के पहले मैच की अंतिम एकादश में चुना गया। उनके लिए यह वापसी एक लिहाज से यादगार बन पड़ी, जबकि दूसरा कारण वे और उनके फैंस याद नहीं रखना चाहेंगे। जहां एक शानदार रिकॉर्ड उनके खाते में दर्ज हो गया, वहीं एक चूक भी उनके नाम के आगे जुड़ गई।

फुल मेंबर टीमों के खिलाफ पावरप्ले में सर्वाधिक डॉट बॉल्स का कीर्तिमान

पहले बात करते हैं क्राइस्टचर्च में हासिल की गई भुवनेश्वर की उपलब्धि की। भुवनेश्वर आईसीसी के फुल मेंबर देशों में टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डालने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भुवनेश्वर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ही ओवर में यह इतिहास रचा। उनके पहले ओवर में 3 डॉट यानी खाली गेंद समेत कुल 4 रन बने, जिसमें एक भी बाउंड्री नहीं थी। भुवनेश्वर के नाम अब फुल मेंबर टीमों के खिलाफ पावरप्ले में सबसे ज्यादा 680 डॉट गेंदें डालने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। साउदी ने अपने टी20 करिअर में पावरप्ले में 679 डॉट बॉल फेंकी थी। इस लिस्ट में भारत के अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह भी हैं, जिन्होंने पावरप्ले में 500 से अधिक डॉट गेंदें डाली हैं। अर्शदीप 576 डॉट बॉल के साथ 6ठे तो बुमराह 569 डॉट बॉल के साथ 7वें पायदान पर हैं। जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा (674) तीसरे, पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी (625) चौथे और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी (614) पांचवें स्थान पर हैं।

भुवी ने इंटरनेशनल टी20 में पहली बार की यह गलती

अब हम नजर डालेंगे भुवनेश्वर द्वारा करिअर में की गई पहली गलती पर। अपने दूसरे ओवर में उन्होंने एक ऐसी गलती की जो उन्होंने कभी नहीं की थी। दरअसल भुवी ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद नो बॉल फेंक दी। ये टी20 इंटरनेशनल में भुवनेश्वर की पहली नो बॉल थी। भुवी ने 299.3 ओवर के बाद पहली नो बॉल फेंकी। वे गेंदबाजी के दौरान रखे जाने वाले इस अनुशासन के मामले में विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गए। उनके पास इंग्लैंड के स्पिनर आदिल रशीद का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था। रशीद ने 320.2 ओवर डालने के बाद पहली नो बॉल फेंकी थी। हालांकि तेज गेंदबाजों में भुवनेश्वर ही पहले नंबर पर हैं।

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर