कोटपूतली-बहरोड़ को मिली 198.83 करोड़ की सौगात, 67 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण
कोटपूतली-बहरोड़। ‘प्रगति पथ पर गतिमान राजस्थान’ के तहत रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर राजकीय सरदार उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटपूतली के सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के समस्त उपखण्डों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा कोटपूतली-बहरोड़ जिले के 67 विकास कार्यों, जिनकी कुल लागत 198.83 करोड़ रुपये है, का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में 6,453 करोड़ रुपये की लागत के 954 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। वहीं 67 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 667 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 1,52 करोड़ रुपये की बीमा राशि भी डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में हस्तांतरित की गई। इसके साथ ही 10,548 अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने जिले में नव नियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट प्रदान कर उनका स्वागत किया। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एडीएम ओमप्रकाश सहारन, एसडीएम योगेश देवल, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, डीटीओ सुनील सैनी, पीएचईडी एसई अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नव नियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे।
दोपहर 12 बजे चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में में आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह का राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के माध्यम से जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के समस्त उपखण्डों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर उपस्थित लोगों ने प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, किसान कल्याण एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।
ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप








