जयपुर राजस्थान की राजधानी जयपुर आज देश के सबसे बड़े डिजिटल गवर्नेंस आयोजन का गवाह बनने जा रही है। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (NCeG 2026) का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। सम्मेलन का आयोजन 1 और 2 जुलाई तक होगा, जिसकी थीम “विकसित भारत 2047 : एआई सक्षम, डेटा संचालित एवं सुरक्षित डिजिटल गवर्नेंस” रखी गई है।
इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से 2,700 से अधिक प्रतिनिधि, 200 से अधिक विशेषज्ञ, 1,100 स्टार्टअप्स, 400 शिक्षाविद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा आधारित निर्णय प्रणाली, साइबर सुरक्षा और डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिक-केंद्रित एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
आज उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा तथा राजस्थान सरकार की विभिन्न नई डिजिटल जनसेवाओं का भी लोकार्पण किया जाएगा।
सम्मेलन में छह प्लेनरी और छह ब्रेकआउट सत्र आयोजित होंगे, जिनमें AI आधारित गवर्नेंस, स्मार्ट पुलिसिंग, सुरक्षित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, वॉयस-फर्स्ट पब्लिक सर्विसेज, क्वांटम टेक्नोलॉजी, डीप टेक और नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकारों, उद्योग, स्टार्टअप्स तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाना, ई-गवर्नेंस की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को आधुनिक डिजिटल तकनीकों के माध्यम से गति देना है। जयपुर में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन भारत की भविष्य की डिजिटल शासन व्यवस्था की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Devender Singh
tv journalist with a 25 years of experience. Earlier worked for etv,indianews, sahara samay, bharat express etc








